कोल्हान

मां दुर्गा वनदेवी मंदिर में नौ कन्याओं का पूजन, हजारों श्रद्धालुओं के बीच महाभोग प्रसाद वितरित

गुवा संवाददाता। गुवा-मनोहरपुर मार्ग स्थित मां दुर्गा वनदेवी मंदिर में नवरात्रि के पावन अवसर पर नौ कुंवारी कन्याओं का विधि-विधान के साथ पूजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। वनदेवी मां दुर्गा पूजा कमेटी के सदस्यों एवं महिलाओं ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार नौ कन्याओं को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का प्रतीक मानकर उनकी पूजा-अर्चना की। इसके बाद सभी कन्याओं को श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया।

पूजन कार्यक्रम संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाभोग प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और मां का प्रसाद ग्रहण किया। नवरात्रि के इस विशेष आयोजन में भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भक्ति गीतों से मंदिर परिसर गूंज उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की।

मंदिर के पुजारी नागेंद्र पाठक ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां दुर्गा वनदेवी मंदिर में सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसी अटूट आस्था के कारण गुवा सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन और पूजन के लिए पहुंचते हैं।

इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में वनदेवी मां दुर्गा पूजा कमेटी के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मौके पर साधु चरण सिद्धू, गंगा सिद्धू, संदीप गुप्ता, भोलानाथ साहू, नवी दत्त महापात्रो, रेणु सिंह, झरनी दास, शंकर राउत सहित काफी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!