*14 अक्टूबर को मनाया जाएगा शहीद देवेंद्र माझी का शहादत दिवस*

चाईबासा: जल, जंगल और जमीन आंदोलन के प्रणेता शहीद देवेंद्र माझी का 32वां शहादत दिवस 14 अक्टूबर, बुधवार को गोईलकेरा हाट मैदान में मनाया जाएगा। इस अवसर पर कोल्हान के मंत्री, विधायक और सैकड़ों समर्थक उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। हालांकि, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के निधन के कारण इस वर्ष कार्यक्रम सादगी से आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
आयोजित कार्यक्रम में इस बार सभा नहीं होगी। इसके बजाय पारंपरिक पूजा-अर्चना और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शहादत दिवस की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार को सांसद जोबा माझी गोईलकेरा पहुंचीं। उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं से तैयारियों की जानकारी ली और कार्यक्रम को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान सांसद जोबा माझी ने प्रखंड अध्यक्ष गणेश बोदरा, जिला उपाध्यक्ष अकबर खान, हरीश बोदरा समेत अन्य कार्यकर्ताओं से आयोजन की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में अनुशासन बनाए रखते हुए शामिल होने की अपील की।
शहीद देवेंद्र माझी कोल्हान क्षेत्र में जल, जंगल और जमीन की रक्षा के आंदोलन के लिए याद किए जाते हैं। उनके शहादत दिवस पर हर वर्ष समर्थक एकत्रित होकर उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं। इस वर्ष भी गोईलकेरा हाट मैदान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के आयोजन की तैयारी की जा रही है।




