*परसाबहाल से बंगरासाई तक बनेगी दो किमी पीसीसी सड़क, तीन आरसीसी पुलों का शिलान्यास*

चाईबासा: चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र की नकटी पंचायत के सुदूरवर्ती वन क्षेत्र परसाबहाल से बंगरासाई तक दो किलोमीटर लंबी पीसीसी सड़क और तीन आरसीसी पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। शनिवार को नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव की उपस्थिति में विधिवत भूमि पूजन और शिलान्यास कर निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। इस मौके पर स्थानीय विधायक प्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
परसाबहाल से बंगरासाई तक सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब थी। इसके कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी होती थी। करीब छह माह पूर्व सड़क और एंबुलेंस जैसी वाहन सुविधा के अभाव में समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण एक प्रसूता के नवजात शिशु की अनुमंडल अस्पताल में मौत हो गई थी। इस दुखद घटना के बाद जनप्रतिनिधियों ने सड़क निर्माण की मांग को गंभीरता से उठाया और इसे प्राथमिकता में शामिल किया।
चक्रधरपुर विधायक, नगर परिषद अध्यक्ष और पंचायत प्रतिनिधियों के लगातार प्रयासों के बाद अब यह योजना धरातल पर उतर रही है। भूमि पूजन के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सड़क और पुलिया निर्माण की आधारशिला रखी गई।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना जनप्रतिनिधियों का पहला दायित्व है। सड़क और तीन पुलों का निर्माण पूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन, शिक्षा और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा में काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी परिवार को सड़क के अभाव में ऐसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए बुनियादी सुविधाओं का विकास जरूरी है।
शिलान्यास समारोह में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखा गया। वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।




