कोल्हान

*22 नवंबर को होगी 34वीं पद्माबाई रूंगटा अंतर-जिला गणित प्रतियोगिता*

चाईबासा: रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा की ओर से आयोजित 34वीं पद्माबाई रूंगटा अंतर-जिला गणित प्रतियोगिता 22 नवंबर 2026, रविवार को होगी। प्रतियोगिता का प्रायोजन एस.आर. रूंगटा ग्रुप, चाईबासा कर रहा है। इसमें कक्षा सातवीं, आठवीं, नौवीं और दसवीं के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे।

प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर 11 अक्टूबर को बिहारी क्लब, चाईबासा में आयोजन समिति की बैठक हुई। बैठक में प्रतियोगिता की तिथि, विद्यार्थियों की भागीदारी, परीक्षा केंद्रों, प्रवेश व्यवस्था और आयोजन से जुड़ी अन्य तैयारियों पर चर्चा की गई।

बैठक में रोटरैक्टर क्लब के अध्यक्ष विकास गुप्ता, सचिव सौरव गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक अक्षय कुमार, सह संयोजक सुमित रक्षित, सौरव नवटिया, कन्हैया पांडे, आकाश झा, सौरव भगत, शुभम दास, विनय लोढ़ा, सौरभ मुंधड़ा और देवल खिरवाल उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता का आयोजन चाईबासा के दो परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। इनमें जेल रोड स्थित बस स्टैंड के समीप एम.एल. रूंगटा +2 हाई स्कूल और नगरपालिका कार्यालय के सामने स्थित श्री मारवाड़ी मिडिल स्कूल शामिल हैं।

परीक्षा दो पालियों में होगी। कक्षा आठवीं और दसवीं के विद्यार्थियों की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। वहीं, कक्षा सातवीं और नौवीं के विद्यार्थियों की परीक्षा दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।

प्रश्नपत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होंगे। परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों (एमसीक्यू) पर आधारित होगी और विद्यार्थियों को उत्तर ओएमआर शीट पर देने होंगे। सभी विद्यार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। उनके साथ अभिभावक या संरक्षक का होना भी आवश्यक है।

प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार और छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। अंतर-जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 6500 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 4500 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 3000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी।

इसके अलावा कक्षा सातवीं, आठवीं, नौवीं और दसवीं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले जिला स्तर के विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। प्रत्येक भाग लेने वाले विद्यालय के टॉपर को सम्मानित करने की व्यवस्था की गई है। सबसे अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी वाले विद्यालयों को भी पुरस्कार दिए जाएंगे।

विद्यार्थी 21 नवंबर तक निर्धारित एडमिट कार्ड केंद्रों से प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा 22 नवंबर को दोनों परीक्षा केंद्रों पर भी प्रवेश की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा ने जिले के सभी विद्यालयों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!