कोल्हान

मानगो में पेयजल संकट पर जदयू का कड़ा रुख, उपायुक्त ने आज रात तक समाधान का दिया आश्वासन

जमशेदपुर: मानगो नगर निगम क्षेत्र में गहराते पेयजल संकट को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) ने कड़ा रुख अपनाया है। जदयू जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा और क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की समस्या का त्वरित एवं स्थायी समाधान करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं और शनिवार रात तक समस्या दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

जदयू प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को बताया कि मानगो के विभिन्न मोहल्लों में पिछले कई दिनों से नियमित पेयजल आपूर्ति बाधित है। कई इलाकों में पानी का प्रेशर बेहद कम है, जबकि कुछ मोहल्लों में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। इसके कारण महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों को रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

चार पंप बंद होने से आपूर्ति प्रभावित

प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से मानगो पेयजलापूर्ति योजना की तकनीकी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। जदयू के अनुसार, मुख्य वाटर वर्क्स और ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित इंटकवेल के छह पंपों में से चार पंप बंद हैं। इसके अलावा बालीगुमा पानी टंकी के पाइप कनेक्शन तथा कुमरूम बस्ती स्थित पानी टंकी से कम जल प्रवाह की समस्या की ओर भी उपायुक्त का ध्यान आकृष्ट कराया गया।

जदयू नेताओं ने कहा कि पेयजल आपूर्ति योजना पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद मानगो की जनता को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करना संबंधित विभाग और प्रशासन की जिम्मेदारी है। लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है, तो उनसे पानी का बिल वसूलना भी उचित नहीं है।

जदयू का नारा—पानी नहीं तो बिल नहीं

पेयजल संकट के मुद्दे पर जदयू ने स्पष्ट रूप से “पानी नहीं तो बिल नहीं” का नारा दिया। पार्टी ने कहा कि जब लोगों को नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, तो पानी का बिल वसूलने के औचित्य पर भी सवाल उठता है। जदयू ने प्रशासन से मांग की कि तकनीकी खामियों को तत्काल दूर कर सभी प्रभावित मोहल्लों में नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।

समस्या दूर नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि पेयजल संकट दूर करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं और शनिवार रात तक समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। जदयू ने उम्मीद जताई कि प्रशासन अपने आश्वासन के अनुरूप त्वरित कार्रवाई करेगा और मानगो के निवासियों को राहत मिलेगी।

पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि पेयजल संकट का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो जदयू आम जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगा। जदयू ने कहा कि स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना नागरिकों की बुनियादी जरूरत है और इस मुद्दे पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल में ये लोग थे शामिल

उपायुक्त से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में जदयू जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, जिला महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू, नीरज सिंह, पप्पू सिंह, शेषनाथ पाठक, मानगो नगर निगम अध्यक्ष विकास साहनी, प्रकाश कोया, दीपक गौड़, प्रेम सक्सेना, पवन सिंह, हेमंत पाठक, हरबिंदर सिंह, विनोद सिंह, अभय सिंह, चुन्नू भूमिज, बबलू कुमार, अर्जुन यादव, मुश्ताक अहमद, दिनेश कुमार सिंह, अरुण कुमार श्रीवास्तव, त्रिलोचन सिंह, बृजेंद्र सिंह, शिरीन अख्तर, नीलरंजन श्रीवास्तव, अशोक कुमार, जसपाल सिंह, गणेश चंद्रा और टुनटुन सिंह सहित बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!