कोल्हान

*रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स में तीन माह में दूसरी चोरी, व्यापारियों में आक्रोश* 

चाईबासा : चक्रधरपुर मेन रोड स्थित रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स में तीन माह के भीतर दूसरी बार चोरी की घटना सामने आने के बाद व्यापारी समाज में चिंता और आक्रोश है। चाईबासा और चक्रधरपुर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

मामले को लेकर चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक अमित रेणु से मुलाकात की और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। प्रतिनिधिमंडल में चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष सह पूर्व चाईबासा चेंबर अध्यक्ष नितिन प्रकाश, निवर्तमान अध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल, नगर परिषद उपाध्यक्ष सह चेंबर कार्यकारिणी सदस्य विकास शर्मा, उपाध्यक्ष दुर्गेश खत्री और संयुक्त सचिव विवेक कुमार सिन्हा शामिल थे।

चेंबर ने बताया कि रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स में इससे पहले हुई चोरी के मामले में अब तक चोरी गए सामान की बरामदगी नहीं हो सकी है। ऐसे में उसी प्रतिष्ठान में दोबारा चोरी होना गंभीर मामला है। चेंबर ने पुलिस अधीक्षक को चार सूत्री ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, दोनों चोरी की घटनाओं में सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी, प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और व्यावसायिक क्षेत्रों में रात के समय पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की।

चाईबासा चेंबर अध्यक्ष संजय चौबे ने कहा कि व्यापारी शांतिपूर्ण तरीके से कारोबार करते हुए शहर की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में योगदान देते हैं। यदि व्यापारी अपने प्रतिष्ठान और मेहनत की कमाई को लेकर असुरक्षित महसूस करेंगे, तो यह चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। जल्द ठोस कार्रवाई नहीं होने पर व्यापारी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन और विरोध-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।

पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने प्रतिनिधिमंडल को मामले में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची से फॉरेंसिक टीम भी बुलाई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द दोषियों को गिरफ्तार कर व्यापारियों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने की बात कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!