चांडिल में सड़क हादसा: क्रॉसिंग पर डिवाइडर-सूचक नहीं, तेज रफ्तार टेलर की चपेट में बाइक सवार की मौत

चांडिल थाना क्षेत्र के जमशेदपुर-रांची मार्ग और कांड्रा मार्ग क्रॉसिंग के समीप मंगलवार सुबह करीब 10 बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित टेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान छोटा गम्हरिया निवासी 20 वर्षीय प्रेम महतो के रूप में हुई है, जबकि घायल समीर दास को चांडिल अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद परिजन बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर ले गए।
जानकारी के अनुसार, प्रेम महतो और समीर दास ने करीब एक सप्ताह पहले ही चांडिल पॉलीटेक्निक में दाखिला लिया था। दोनों युवक बाइक से चांडिल आ रहे थे। इसी दौरान क्रॉसिंग के पास तेज रफ्तार टेलर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में प्रेम महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि दुर्घटना संभावित क्रॉसिंग पर डिवाइडर, क्रॉसिंग सूचक और पर्याप्त सुरक्षा संकेतक नहीं लगाए गए हैं। सरायकेला-कांड्रा मार्ग को जोड़ने वाली इस क्रॉसिंग पर समुचित सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
समाजसेवी अरुण बागड़िया ने हादसे के लिए एनएचआई और निर्माण एजेंसी की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रशासन से दुर्घटना संभावित स्थानों पर तत्काल सुरक्षा इंतजाम कराने की मांग की है।
इधर, चांडिल पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टेलर संख्या NL-01-5754 को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




