घाटी पहाड़ी मां वन देवी मंदिर में दुर्गापूजा की तैयारी तेज, झाड़ियों की साफ-सफाई जोरों पर

गुवा। घाटी पहाड़ी मां वन देवी मंदिर में श्री श्री मां दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। गुवा सेल अयस्क खान एवं घाटी पहाड़ी मां वन देवी मंदिर समिति की ओर से मंदिर परिसर और आसपास की झाड़ियों की साफ-सफाई का कार्य कराया जा रहा है।
11 अक्टूबर को होगी घट स्थापना
मंदिर में 11 अक्टूबर को घट स्थापना के साथ शारदीय नवरात्र की पूजा-अर्चना का शुभारंभ किया जाएगा। देशाउली सरना घाट, कारो नदी से नौ देवियों के लिए गंगाजल लाकर सुबह 9 बजे घाटी पहाड़ी मां वन देवी मंदिर में घट स्थापना की जाएगी। इसके बाद मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधिवत पूजा-अर्चना होगी।
नवरात्र के दौरान 11 अक्टूबर को शैलपुत्री, 12 अक्टूबर को ब्रह्मचारिणी, 13 अक्टूबर को चंद्रघंटा, 14 अक्टूबर को कूष्मांडा, 15 अक्टूबर को स्कंदमाता, 16 अक्टूबर को कात्यायनी, 17 अक्टूबर को कालरात्रि, 18 अक्टूबर को महागौरी और 19 अक्टूबर को सिद्धिदात्री स्वरूप की पूजा होगी।
19 अक्टूबर को विशेष आयोजन
19 अक्टूबर को नव कन्या कुमारी पूजन का आयोजन किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र के गांवों से जुड़े घटाकुरी, गांगदा राईका, ठाकुरा नुईया, गुवासाई, दीऊरिओ सहित अन्य लोगों को लूंगी, धोती और गमछा देकर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच महाभोग का वितरण भी किया जाएगा।
पूजा-अर्चना में मुख्य रूप से पंडित नागेंद्र पाठक तथा सहायक पुजारी नवी दत्ता महापात्र मौजूद रहेंगे।
पूजा समिति में ये पदाधिकारी शामिल
घाटी पहाड़ी मां वन देवी मंदिर समिति के संरक्षक अनिल रंजन, उप संरक्षक साधु चरण सिद्धू, अध्यक्ष गंगा सिद्धू, सचिव झरनी दास, उप सचिव रेणु सिंह, महासचिव यशोदा बोयपाई, कोषाध्यक्ष विमला बोदरा, उप कोषाध्यक्ष अजय बोदरा के अलावा सदस्य नंदू दास, मदन कुमार गुप्ता, सुदेश लोहार, प्रधान बोयपाई, मीना दास, राय सिंह दास सहित अन्य सदस्य पूजा की तैयारियों में जुटे हैं।




