*खाना नहीं बनाने पर पत्नी की हत्या का आरोप, घर के अंदर गाड़ दिया शव, आरोपी पति गिरफ्तार*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पांड्राशाली ओपी अंतर्गत तुंगी गांव में पत्नी की हत्या कर शव को घर के अंदर गाड़ देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति राम हांसदा (49) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना 17 अक्टूबर की रात की है, जबकि 24 अक्टूबर को घर के अंदर जमीन खोदकर महिला का शव बरामद किया गया।
मामले का खुलासा प्रशिक्षु आईपीएस राज कुमार जेयराजू ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में किया। उन्होंने बताया कि 24 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि राम हांसदा ने अपनी पत्नी गुरबारी हांसदा की हत्या कर शव घर के अंदर गाड़ दिया है। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
*आरोपी की निशानदेही पर मिला शव*
पुलिस टीम ने खूंटपानी के अंचल अधिकारी एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी फुलेश्वर साव की मौजूदगी में आरोपी के घर की तलाशी ली। इस दौरान आरोपी की निशानदेही पर जमीन खोदकर शव निकाला गया। रांची से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कथित तौर पर इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और खून लगी मिट्टी के नमूने एकत्र किए। पुलिस ने इन्हें जब्त कर लिया।
*भोजन को लेकर हुआ था विवाद*
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि 17 अक्टूबर की रात भोजन नहीं बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर राम हांसदा ने पत्नी की हत्या कर दी और अगले दिन साक्ष्य छिपाने के लिए शव को घर के अंदर गाड़ दिया।
मृतका की बेटी नागी श्री गागराई के लिखित आवेदन पर मुफ्फसिल थाना (पांड्राशाली ओपी) कांड संख्या 140/26, दिनांक 24 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/238 में मामला दर्ज किया गया है।
*मजदूरी कर चलाती थी घर*
पोस्टमार्टम हाउस में मृतका की बेटी नागी श्री गागराई ने बताया कि उसके माता-पिता के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। गुरबारी हांसदा मजदूरी कर परिवार चलाती थी। परिवार में पांच बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि दोनों बेटे बाहर काम करते हैं।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी हत्या, चोरी और हत्या के प्रयास जैसी घटनाओं में शामिल होने की चर्चा है। हालांकि, इस कथित आपराधिक इतिहास की पुलिस रिकॉर्ड से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।




