कोल्हान

*तीन महीने से मजदूरी नहीं मिलने पर मजदूरों ने ठेकेदार का पुतला फूंका*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर प्रखंड अंतर्गत तोन्डागहातु पंचायत के कुन्दरीझोर गांव में मजदूरी भुगतान नहीं होने से नाराज मजदूरों ने रविवार शाम ठेकेदार का पुतला दहन किया। मजदूरों का आरोप है कि पक्की नहर निर्माण कार्य में लगे होने के बावजूद उन्हें पिछले तीन महीने से मजदूरी नहीं मिली है। इससे मजदूरों के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव में 15वें वित्त आयोग की राशि से रासिका केराई के घर के सामने से देशाऊली तक पक्की नहर का निर्माण कराया गया था। इस कार्य में लगे मजदूरों को समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया। मामले को लेकर जिला परिषद सदस्य मानसिंह तिरिया ने मजदूरों के साथ उपायुक्त और उप विकास आयुक्त से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया था। कार्रवाई में देरी होने पर उन्होंने उप विकास आयुक्त से दोबारा मिलकर मजदूरी भुगतान की मांग की थी।

बताया गया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए 8 अक्टूबर 2026 को मजदूरी भुगतान कर दिया गया। इसके बाद संवेदक चंद्र मोहन लागुरी के बारे में मजदूरों ने आरोप लगाया कि योजना की राशि मिलने के बाद वे भुवनेश्वर जाने की बात कहकर चले गए। मजदूरों द्वारा उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ बताने लगा।

जिला परिषद सदस्य मानसिंह तिरिया ने भी संवेदक से फोन पर संपर्क कर मजदूरों की मजदूरी का भुगतान जल्द करने की बात कही। इस पर संवेदक के भुवनेश्वर में होने की जानकारी दी गई। इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो पाने के कारण मजदूर परेशान हैं।

मजदूरी भुगतान की समस्या को लेकर रविवार, 11 अक्टूबर की शाम मजदूरों ने विरोध जताते हुए ठेकेदार का पुतला दहन किया और जल्द भुगतान की मांग की।

मौके पर शिरो, गोप कानू तिरिया, बुद्धू लोहार, दुर्गा हेंब्रम, शुक्र मुनि तिरिया, बुधनी बोयपाई, सविता तिरिया सहित बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!