साप्ताहिक जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनी आम नागरिकों की समस्याएं, जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश

सरायकेला-खरसावां। समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों एवं फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं।
जनता दरबार में टाटा स्टील फाउंडेशन के गम्हरिया-आदित्यपुर क्षेत्र में गिरोह बनाकर स्लैग, वेस्ट मटेरियल एवं निर्मित सामग्रियों की चोरी तथा सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट, कांड्रा में जर्जर लकड़ी के विद्युत खंभे को बदलने, सरायकेला अंचल में सीमांकन एवं म्यूटेशन के लंबित मामलों, गम्हरिया प्रखंड के रापचा पंचायत अंतर्गत पिंजरा जुड़ा क्षेत्र के जयरामनगर में जर्जर सड़क एवं नाली निर्माण सहित कई मामले सामने आए।
इसके अलावा आधी बीमा महिला संकुल स्तरीय समिति (CLF) के भवन की जर्जर छत की CSR मद से मरम्मती, आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए राशन कार्ड में नाम जोड़ने समेत कल्याण, आपूर्ति, ग्रामीण विकास एवं अन्य विभागों से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित स्थलों एवं मामलों की जांच कर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही की गई कार्रवाई से संबंधित आवेदकों को अवगत कराने का भी निर्देश दिया गया।




