*बिना वैध चालान गिट्टी ले जा रहा हाइवा जब्त*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला खनन टास्क फोर्स की ओर से लगातार जांच और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जगन्नाथपुर क्षेत्र के मोंगरा-डलपोश रोड के समीप खनिज परिवहन की जांच की गई।
जांच के दौरान वाहन संख्या JH06G-6504, 10 चक्का हाइवा से गिट्टी का परिवहन किया जा रहा था। जांच के क्रम में वाहन चालक गिट्टी के परिवहन से संबंधित वैध परिवहन चालान प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वैध चालान के अभाव में खनन विभाग की टीम ने वाहन को नियमानुसार जब्त कर लिया।
जब्त हाइवा को आगे की कार्रवाई के लिए जगन्नाथपुर थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में संबंधित प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और भंडारण के खिलाफ जांच एवं छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि खनिज संसाधनों के अवैध दोहन और परिवहन में शामिल व्यक्तियों तथा वाहनों के खिलाफ नियम के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खनन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से खनिजों का परिवहन करने वालों में हड़कंप है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध दस्तावेज के खनिजों का परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।




