*गौ सम्मान आवाह्न अभियान को लेकर चाईबासा गौशाला में बैठक, कमिटी का गठन*

चाईबासा: गौशाला के गोकुल सभागार में गुरुवार को गौ सम्मान आवाह्न अभियान के तहत बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूरे देश में गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने के लिए चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान को लेकर चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता आचार्य सोमेंद्र महाराज ने की।
बैठक में बताया गया कि संतों के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौ सेवा के लिए केंद्रीय गौ मंत्रालय का सृजन करने, पूरे देश में गौ हत्या समाप्त करने तथा गौ माता को राष्ट्र माता अथवा राष्ट्र आराध्या घोषित कराने की मांग को लेकर लोगों को जागरूक करना है। अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों से हस्ताक्षर कराने की अपील की जा रही है।
आचार्य सोमेंद्र महाराज ने बैठक में उपस्थित गौ भक्तों को अभियान के उद्देश्य और आगे की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने गौ भक्तों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अधिक से अधिक लोगों से हस्ताक्षर कराने की अपील की। उन्होंने 17 दिसंबर को रांची में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में भी अधिक से अधिक लोगों के शामिल होने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान गौ सम्मान आवाह्न अभियान के लिए जिला और नगर स्तर पर कमिटी का गठन भी किया गया। इसमें सर्वेश प्रसाद को जिला प्रभारी, समीर पाल को सह जिला प्रभारी, द्वारिका शर्मा को नगर प्रभारी और अंकित शाह को सह नगर प्रभारी बनाया गया। इसके अलावा 21 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति का गठन किया गया।
बैठक को सफल बनाने में चाईबासा गौशाला कमिटी की मुख्य भूमिका रही। कमिटी की ओर से सुझाव दिया गया कि आने वाले दुर्गा पूजा और गोपाष्टमी मेला के दौरान भी हस्ताक्षर अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जा सके और उनके हस्ताक्षर लिए जा सकें।
बैठक में गौशाला कमिटी के उपाध्यक्ष सह समाजसेवी राजकुमार शाह, सचिव बनवारी लाल नेवटिया, ललित शर्मा, दिलीप शर्मा, विकास गोयल, संरक्षक अनिल खिरवाल, कोषाध्यक्ष सिद्ध गोपाल गोयल, सह कोषाध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल, मां कामधेनु सेवा समिति की अध्यक्षा कमला देवी, सचिव प्रेमलता देवी सहित काफी संख्या में श्रद्धालु और गौ भक्त मौजूद थे।




