*बीमार किसान लादुरा देवगम से मिलीं मुखिया जुलियाना देवगम, स्वास्थ्य की ली जानकारी*

चाईबासा: सदर प्रखंड की मतकमहातु पंचायत की मुखिया जुलियाना देवगम ने कमारहातु गांव निवासी बीमार किसान लादुरा देवगम के घर पहुंचकर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने किसान के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुखिया ने परिवार के सदस्यों से भी बातचीत कर उनकी स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
बताया जाता है कि करीब दो माह पहले किसान लादुरा देवगम खेत में खेती-बाड़ी का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने के कारण वे रातभर बेहोशी की अवस्था में खेत में ही पड़े रहे। अगले दिन इसकी जानकारी मिलने पर पूर्व मुखिया लादू देवगम और सीआईएसएफ के पूर्व इंस्पेक्टर सोनाराम देवगम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया। वहां उपचार के बाद स्वास्थ्य में कुछ सुधार होने पर उन्हें वापस घर लाया गया। फिलहाल किसान घर पर रहकर इलाज करा रहे हैं।
लादुरा देवगम के रांची से घर लौटने की जानकारी मिलने पर मुखिया जुलियाना देवगम उनसे मिलने पहुंचीं। उन्होंने किसान के स्वास्थ्य का हाल जाना और परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में जरूरतमंद लोगों के साथ खड़ा रहना समाज की जिम्मेदारी है।
मुखिया की इस पहल से परिवार को हौसला मिला। मौके पर सुरजा देवगम, वीर सिंह गोप और शिक्षक कृष्णा देवगम उपस्थित थे।




