*विश्व दृष्टि दिवस पर चित्रांकन और निबंध प्रतियोगिता आयोजित, 71 विद्यार्थियों ने लिया भाग*

चाईबासा: जिला स्वास्थ्य समिति के अंधापन नियंत्रण कार्यक्रम, पश्चिमी सिंहभूम की ओर से 27वें विश्व दृष्टि दिवस माह के अवसर पर शनिवार को 10+2 जिला स्कूल, चाईबासा में चित्रांकन सह निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा छह से 12वीं तक के कुल 71 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आंखों की देखभाल और दृष्टि की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
प्रतियोगिता में कक्षा 11वीं ए की सुचित्रा पैरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें पुरस्कार स्वरूप ग्लोब दिया गया। कक्षा सातवीं ए के परजीत कुमार गोप दूसरे स्थान पर रहे। उन्हें स्कूली बैग प्रदान किया गया। वहीं, कक्षा नौवीं ए की नेहा हेस्सा ने तीसरा स्थान हासिल किया। उन्हें डायरी देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा चयनित 10 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में कलम दी गई।
विजेताओं को सदर अस्पताल चाईबासा के नेत्र पदाधिकारी डॉ. मनोज सिंह मुंडा, विद्यालय की प्राचार्य रश्मि अल्डा और प्रखंड संसाधन केंद्र चाईबासा की प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी शकुंतला बानरा ने संयुक्त रूप से पुरस्कार प्रदान किए।
इस अवसर पर डॉ. मनोज सिंह मुंडा ने कहा कि पांच ज्ञानेंद्रियों में आंखों का महत्वपूर्ण स्थान है। दृष्टि के बिना संसार अंधकारमय हो जाता है। इसलिए आंखों की नियमित देखभाल करना जरूरी है। विद्यालय की प्राचार्य रश्मि अल्डा ने कहा कि दृष्टि में कमी या आंखों से संबंधित किसी भी तरह की परेशानी होने पर सदर अस्पताल चाईबासा में उपचार कराना चाहिए।
प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी शकुंतला बानरा ने आंखों की रोशनी सुरक्षित रखने के लिए विटामिन ए युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में स्कूल मैनेजर माधाबेंद्र कुइला, साइटसेवर्स के जिला कार्यक्रम समन्वयक बासुदेव नायक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तांतनगर के नेत्र सहायक प्रदीप सांडिल और प्रखंड संसाधन केंद्र की विशेष शिक्षिका प्रतिमा कालुंडिया उपस्थित थीं। इनके अलावा विद्यालय के नखात श्रीन, गीता सनाई तथा स्कूल के सभी कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।




