*लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब ने फेनेटिक क्लब को चार विकेट से हराया*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे एसआर रूंगटा बी-डिविजन क्रिकेट लीग में लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब, चक्रधरपुर ने फेनेटिक क्लब, चाईबासा को चार विकेट से हराकर चार अंक हासिल किए। टीम की जीत में अनीस कुमार दास, पियुष कुमार और कप्तान विवेक चौरसिया ने अहम भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब की यह पहली जीत है। इससे पहले 11 अक्टूबर को टीम को नेशनल क्रिकेट क्लब, बड़ाजामदा के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
मैच में लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब के कप्तान ने टॉस जीतकर फेनेटिक क्लब को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। फेनेटिक क्लब ने निर्धारित 30 ओवर में आठ विकेट खोकर 226 रन बनाए। एक समय टीम के पांच विकेट 92 रन पर गिर गए थे। इसके बाद कप्तान सावन गोप और अनमोल टोपनो ने सातवें विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला। सावन ने छह चौके और पांच छक्कों की मदद से 74 रन, जबकि अनमोल ने छह चौके और एक छक्के के सहारे 56 रन बनाए।
लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब की ओर से अनीस कुमार दास, पियुष कुमार और विवेक चौरसिया ने दो-दो विकेट लिए। रोहित उरांव और संजय प्रधान को एक-एक विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब की टीम ने 26.3 ओवर में छह विकेट खोकर 230 रन बनाते हुए जीत दर्ज की। अनीस कुमार दास ने दस चौके और दो छक्कों की मदद से 62 रन बनाए। पियुष कुमार 50 रन बनाकर नाबाद रहे। कप्तान विवेक चौरसिया ने 42, प्रेम सागर ने 22, अजय प्रधान ने 18 और विकेटकीपर सौरभ गुप्ता ने नाबाद 17 रन बनाए।
फेनेटिक क्लब की ओर से अंश राज और सावन कुमार गोप ने दो-दो विकेट लिए, जबकि अनमोल टोपनो को एक विकेट मिला। अजय प्रधान रन आउट हुए।
लीग में अगले दिन चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी का मुकाबला शाह स्पोर्ट्स अकादमी, चक्रधरपुर से होगा।




