कोल्हान

*‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली की तैयारी को लेकर कांग्रेस की बैठक 25 अक्टूबर को*

चाईबासा: नई दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर 2026 को प्रस्तावित ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली की तैयारियों को लेकर रविवार, 25 अक्टूबर को चाईबासा के कांग्रेस भवन में जिला कांग्रेस कमिटी की सांगठनिक बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक दोपहर 12 बजे शुरू होगी। इसमें पश्चिमी सिंहभूम जिले से महारैली में अधिक से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की जाएगी।

बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष, विधायक सह सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु करेंगे। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सचिव सह झारखंड के सह-प्रभारी भूपेन्द्र मरावी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सदस्य, पूर्व सचिव सह पर्यवेक्षक राजेश तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में महारैली की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही प्रखंड और मंडल स्तर पर संगठन के बीच समन्वय, कार्यकर्ताओं की भागीदारी तथा यात्रा से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श होगा। संगठन की सक्रियता बढ़ाने और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी।

त्रिशानु राय ने कहा कि कांग्रेस के लिए ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिकों के मताधिकार की रक्षा से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि महारैली में पश्चिमी सिंहभूम जिले की भागीदारी सुनिश्चित करना संगठन की प्राथमिकता है।

बैठक में जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारियों, प्रखंड एवं मंडल कांग्रेस अध्यक्षों, पूर्व विधायकों, विधानसभा के पूर्व प्रत्याशियों, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के सदस्यों और सभी अग्रणी संगठनों, प्रकोष्ठों एवं विभागों के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा पंचायत और नगरीय निकायों के वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं की उपस्थिति भी अपेक्षित है।

त्रिशानु राय ने सभी कांग्रेसजनों से निर्धारित समय पर बैठक में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने प्रखंड और मंडल अध्यक्षों से अपने क्षेत्रों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं तक सूचना पहुंचाकर अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!