कोल्हान

*शिक्षा से ही बदलाव संभव, बाल विवाह से बचें : रवि चौधरी* 

चाईबासा: झालसा रांची और जिला विधिक सेवा प्राधिकार चाईबासा के निर्देश पर तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डीएलएसए चाईबासा मौहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में 60 दिवसीय मेगा अभियान के तहत सिलफोड़ी पंचायत भवन में निःशुल्क विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में डीएलएसए के सचिव रवि चौधरी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा से ही समाज में बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी। बाल अधिकारों पर चर्चा करते हुए किशोर न्याय प्रणाली और देखभाल की जरूरत वाले बच्चों के लिए उपलब्ध सरकारी योजनाओं के बारे में बताया।

रवि चौधरी ने डायन के नाम पर होने वाली हिंसा को अंधविश्वास बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं अनैतिक होने के साथ गंभीर अपराध भी हैं। उन्होंने ग्रामीणों से ऐसी घटनाओं को रोकने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने नालसा की आशा योजना की भी जानकारी दी और बाल विवाह नहीं करने तथा न कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बाल विवाह में शामिल होना भी अपराध है। ग्रामीणों ने विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।

शिविर में बाल श्रम, साइबर अपराध, स्पॉन्सरशिप व फॉस्टर योजना तथा वरिष्ठ नागरिक सुरक्षा कानून के बारे में भी जानकारी दी गई। एलएडीसी अधिवक्ता सुरेंद्र दास ने मध्यस्थता, लोक अदालत, स्थायी लोक अदालत और श्रमिक निबंधन की जानकारी दी। ग्रामीण मुंडा लोकनाथ सामड ने भी ग्रामीणों को जागरूक किया।

पीएलवी टीम ने शिक्षा के विकास और प्रचार-प्रसार पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर शिक्षा के महत्व का संदेश दिया। मौके पर पीएलवी श्वेता रवानी, रीना प्रधान, राहुल प्रधान समेत दर्जनभर अधिकार मित्र और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!