पीडीएस डीलर पर कम राशन देने और धमकी देने का आरोप, ग्रामीणों ने डीसी को सौंपा ज्ञापन
पोटका। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत कौवाली पंचायत के तेलेंगकोचा गांव के राशन कार्डधारियों ने कूटसूरी गांव के जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदार सुभाष दीक्षित के खिलाफ उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने दुकानदार पर निर्धारित मात्रा से कम राशन देने और विरोध करने पर धमकी देने का आरोप लगाया है।
ज्ञापन में कार्डधारियों ने आरोप लगाया कि पीडीएस डीलर सुभाष दीक्षित द्वारा राशन वितरण के दौरान वजन में कटौती की जाती है। जब कार्डधारी इसका विरोध करते हैं, तो उन्हें तरह-तरह की धमकियां दी जाती हैं। ग्रामीणों के अनुसार, दुकानदार का व्यवहार भी कार्डधारियों के प्रति उचित नहीं रहता है। आरोप है कि विरोध करने पर राशन कार्ड डिलीट करा देने की धमकी भी दी जाती है।
ग्रामीणों ने उपायुक्त से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने मांग की कि सुभाष दीक्षित की दुकान से उनके राशन कार्डों को हटाकर किसी अन्य जन वितरण प्रणाली की दुकान से संबद्ध किया जाए, ताकि उन्हें नियमित रूप से निर्धारित मात्रा में राशन मिल सके।
इस संबंध में उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने वालों में मुखिया काजल बारीक, मुखिया प्रतिनिधि सचिन बारीक, जिला परिषद सदस्य के प्रतिनिधि मनोज सरदार, शंकर महतो सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और कार्डधारियों को हो रही कथित परेशानियों से राहत दिलाने की मांग की है।




