कोल्हान

पुरी-बादामपहाड़ एक्सप्रेस के सिदिरसाई में ठहराव की मांग, रेलवे हॉल्ट निर्माण समिति ने जताई नाराजगी

पोटका। बादामपहाड़ और पुरी के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन के परिचालन को मंजूरी मिलने से कोल्हान सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों में उत्साह का माहौल है। रेलवे बोर्ड द्वारा 19 अक्टूबर 2026 को ट्रेन के परिचालन को लेकर आदेश जारी किए जाने के बाद अब 28 अक्टूबर पर सबकी निगाहें टिकी हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इसी दिन बादामपहाड़ से पुरी के लिए चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी।

प्रस्तावित ट्रेन संख्या 18411/18412 के परिचालन से झारखंड और ओडिशा के बीच रेल संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है। हालांकि, प्रस्तावित समय-सारणी में पोटका प्रखंड के सिदिरसाई में ठहराव नहीं दिए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। रेलवे हॉल्ट निर्माण समिति, सिदिरसाई ने ट्रेन के ठहराव की सूची में सिदिरसाई को शामिल करने की मांग उठाई है।

समिति के अध्यक्ष रामेश्वर पत्रों, उपाध्यक्ष उज्ज्वल कुमार मंडल और सचिव मंगल पान ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि टाटा-बादामपहाड़ रेल लाइन पर ठहराव के मामले में पोटका क्षेत्र के साथ लगातार सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उनका कहना है कि इस रेल मार्ग पर स्थित हलुदपुखुर और सिदिरसाई में एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से क्षेत्र की आम जनता को रेल सुविधाओं का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।

समिति ने स्थानीय सांसद और विधायक से इस मामले में पहल करने तथा रेलवे अधिकारियों के समक्ष क्षेत्र की मांग को मजबूती से उठाने की अपील की है। समिति का कहना है कि सिदिरसाई में ठहराव मिलने से पोटका क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी और नई रेल सेवा का लाभ स्थानीय लोगों तक पहुंच सकेगा।

वहीं, बादामपहाड़-पुरी एक्सप्रेस के परिचालन की मंजूरी मिलने पर रेलवे हॉल्ट निर्माण समिति, सिदिरसाई ने स्थानीय सांसद, रेल मंत्रालय और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रति आभार भी व्यक्त किया। समिति ने उम्मीद जताई कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सिदिरसाई में ट्रेन के ठहराव की मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

इस अवसर पर बाबूलाल सरदार, परमे टुडू, बबलू मुंडा, हुड़ीग माझी, समरेश भगत, विद्याधर मंडल, कस्तूरी सरदार, सुधीर सोरेन, छोटा राय माझी, बुद्धेश्वर सरदार, डंगवा सरदार, बुद्ध सवर, सत्यवान मंडल, गोपी सरदार, जितेन सरदार, लेदु मुंडा और लखिन सरदार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!