Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
मनोहरपुर

मनोहरपुर में जेएसएलपीएस की वार्षिक आमसभा, महिला स्वावलंबन को बताया विकास की मजबूत नींव

बीडीओ और सीओ ने कहा- महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी तो परिवार और झारखंड भी मजबूत होगा, उत्कृष्ट महिला समूह हुए सम्मानित

मनोहरपुर: झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के तत्वावधान में बुधवार, 30 सितंबर को मनोहरपुर प्रखंड के मनोहरपुर पूर्वी पंचायत के आमबागान मनीपुर में आजीविका महिला संकुल संगठन स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड तथा नंदपुर और मनोहरपुर पूर्वी पंचायत के आजीविका महिला संकुल संगठन सहकारी समिति लिमिटेड की वार्षिक आमसभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनोहरपुर बीडीओ शक्तिकुंज एवं सीओ शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर जेएसएलपीएस की महिला सदस्यों ने पारंपरिक नृत्य और संगीत के साथ अतिथियों का स्वागत किया, जिसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर आमसभा का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला समूहों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मौके पर बीडीओ शक्तिकुंज ने कहा कि महिलाओं का उत्थान और सशक्तिकरण किसी भी समाज के समग्र विकास की मजबूत कड़ी है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होती हैं तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। जेएसएलपीएस के माध्यम से गांव की महिलाएं समूहों से जुड़कर रोजगार, स्वरोजगार और आजीविका के नए साधन विकसित कर रही हैं, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं सीओ ने कहा कि महिलाएं केवल परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाली नहीं, बल्कि परिवार और समाज की आर्थिक शक्ति भी हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के हाथ में आर्थिक मजबूती आएगी तो परिवार मजबूत होगा और परिवार मजबूत होगा तो झारखंड आगे बढ़ेगा। उन्होंने महिलाओं से अपने हुनर और सामूहिक शक्ति का उपयोग करते हुए आत्मनिर्भर बनने तथा अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें स्वावलंबी बनाना है और जेएसएलपीएस इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वार्षिक आमसभा में महिला समिति की सदस्यों ने संगठन की उपलब्धियों, आर्थिक गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की। इससे पूर्व मंचासीन बीडीओ, सीओ सहित सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मनोहरपुर पूर्वी पंचायत की मुखिया पूजा कुजूर, बीपीएम नरेश कुम्हार, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सन्नी शेखर, श्रम निरीक्षक अजय कुमार, बीपीओ सिरिल सुरीन, लेखापाल इमरान अंसारी, एफपीसी ध्रुवपद महतो, कैएसएच नारायण, लक्ष्मण, सीसी, बीओ, नंदपुर, पचपहिया, ढीपा, छोटानागरा और बरंगा महिला समूहों समेत बड़ी संख्या में महिला समिति की सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!