
मनोहरपुर: आगामी शारदीय नवरात्र को लेकर लार्डनपार, मनोहरपुर में दुर्गापूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार, 30 सितंबर को श्री श्री दुर्गा पूजा कमेटी, लार्डनपार की महत्वपूर्ण बैठक रंजीत यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पिछले वर्ष के आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया गया, जिस पर कमेटी के सदस्यों ने संतोष जताया। बैठक में सर्वसम्मति से इस वर्ष दुर्गापूजा का आयोजन और अधिक भव्य एवं आकर्षक रूप में करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान पूजा पंडाल की सजावट, प्रतिमा, लाइटिंग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर विशेष योजना तैयार करने पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से नई कमेटी का भी गठन किया गया, जिसमें विभिन्न वर्गों के सक्रिय युवाओं को जिम्मेदारी दी गई। नई कमेटी में अध्यक्ष के रूप में भरत यादव, उपाध्यक्ष श्रवण यादव, पंकज यादव एवं राजेश यादव, सचिव रंजीत यादव, सह सचिव मोनू गुप्ता, सुनील सिंह एवं सुजीत जायसवाल, कोषाध्यक्ष एस. कृष्णा राव तथा सह कोषाध्यक्ष चंदन यादव एवं तपेश्वर यादव को चुना गया। संरक्षक मंडल में राहुल यादव, कुशल गुप्ता, नीलकंठ नाग, अमन यादव, मारि रोहित, सुनील यादव, चैन, संजय यादव, अरविंद यादव, शेरू, गोलू सहित अन्य सक्रिय सदस्यों को शामिल किया गया। मौके पर कमेटी के सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने का संकल्प लिया।




