जादूगोड़ा के तिलुरघुटू में गणेशोत्सव की धूम, विधायक ने फीता काटकर किया भव्य उद्घाटन
एसबीसी क्लब तिलुरघुटू की ओर से 1982 से हो रहा गणेशोत्सव का आयोजन, श्रद्धालुओं ने की सुख-समृद्धि और शांति की कामना

जादूगोड़ा: एसबीसी क्लब तिलुरघुटू (जादूगोड़ा) की ओर से आयोजित गणेशोत्सव का विधिवत एवं भव्य उद्घाटन सोमवार को फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग शामिल हुए। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा।
उद्घाटन समारोह में घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन और झामुमो नेता बाघराय माड़ी मुख्य रूप से मौजूद रहे। दोनों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर गणेशोत्सव का उद्घाटन किया। इसके बाद अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
आकर्षक विद्युत सज्जा ने मोहा मन
गणेशोत्सव के अवसर पर पूरे परिसर को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया है। जगमगाती रोशनी ने उद्घाटन समारोह में पहुंचे लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पूरे परिसर में गणपति बप्पा के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर एसबीसी क्लब तिलुरघुटू के छोटे-बड़े सभी सदस्य मौजूद रहे और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। क्लब की ओर से कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया।
1982 से श्रद्धा और सामाजिक एकता के साथ हो रहा आयोजन
क्लब के सदस्यों दीपक उरांव, संजय कालिंदी और राजेश्वर कालिंदी ने बताया कि एसबीसी क्लब की ओर से तिलुरघुटू में गणेशोत्सव का आयोजन वर्ष 1982 से लगातार श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता के साथ किया जाता रहा है।
उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को एकजुट होने और धार्मिक उत्सव को सामूहिक रूप से मनाने का अवसर मिलता है।




