चांडिल के पाटा टोल प्लाजा के पास नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई, ₹41,800 जुर्माना वसूला
जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में NH-33 पर विशेष वाहन जांच अभियान, भारी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने का निर्देश

चांडिल/सरायकेला-खरसावां: सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य शमाद के नेतृत्व में NH-33 अंतर्गत चांडिल क्षेत्र के पाटा टोल प्लाजा के समीप नो-पार्किंग के विरुद्ध विशेष वाहन जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे और नो-पार्किंग क्षेत्र में अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों की जांच की गई तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल ₹41,800 का जुर्माना वसूला गया। जिला परिवहन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य प्रमुख मार्गों पर अनावश्यक अथवा अनधिकृत रूप से वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से भारी वाहन चालकों को निर्धारित और सुरक्षित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने बताया कि सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना की संभावना भी बढ़ती है, इसलिए वाहन चालकों को इस संबंध में लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया। अभियान के दौरान वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने, सुरक्षित तरीके से ओवरटेक करने, नशे की अवस्था में वाहन नहीं चलाने और नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा नहीं करने के संबंध में जागरूक किया गया। प्रशासन ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने में सहयोग करने की अपील की।




