पोटका के मध्य विद्यालय बांगो को उत्क्रमित उच्च विद्यालय बनाने की मांग, उपायुक्त को सौंपा आवेदन
पूर्व मुखिया सह पंचायत समिति सदस्य सीताराम हांसदा ने ग्रामीण विद्यार्थियों की सुविधा के लिए 10वीं तक विद्यालय अपग्रेड करने की मांग उठाई

पोटका: पोटका प्रखंड अंतर्गत धीरौल पंचायत के मध्य विद्यालय बांगो को उत्क्रमित उच्च विद्यालय बनाने की मांग को लेकर पूर्व मुखिया सह पंचायत समिति सदस्य सीताराम हांसदा ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को आवेदन पत्र सौंपा है। आवेदन में कहा गया है कि विद्यालय की स्थापना वर्ष 1978 में हुई थी और तब से यह प्राथमिक एवं मध्य स्तर की शिक्षा व्यवस्था के रूप में संचालित हो रहा है। आवेदन के अनुसार, क्षेत्र के गरीब और ग्रामीण परिवारों के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को मध्य स्तर की शिक्षा पूरी करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए दूर स्थित उच्च विद्यालयों में जाना पड़ता है। दूरी और परिवहन की सुविधा नहीं होने के कारण कई विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई जारी रखने में परेशानी होती है और कुछ छात्र-छात्राएं पढ़ाई बीच में ही छोड़ने को मजबूर हो जाते हैं। सीताराम हांसदा ने छात्र हित और क्षेत्र में शिक्षा के प्रसार को ध्यान में रखते हुए मध्य विद्यालय बांगो को 10वीं कक्षा तक उत्क्रमित उच्च विद्यालय बनाने की मांग की है। इस अवसर पर समाजसेवी सहदेव हेंब्रम, मातुराम सोरेन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




