नोवामुंडी कॉलेज में चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता आयोजित, छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए विचार, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी हुए सम्मानित

नोवामुंडी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों से जुड़ी सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत नोवामुंडी कॉलेज में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और चित्रकला तथा भाषण के माध्यम से अपने विचार एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज की छात्राओं द्वारा मांदर की थाप पर स्वागत गीत प्रस्तुत कर पारंपरिक रीति-रिवाज से अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोजित बिस्वास, डॉ. मुरारीलाल वैद्य समेत प्रोफेसर, शिक्षाविद एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। मधु कोड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सामने विकसित भारत का लक्ष्य रखा है और इसे साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, कौशल, अनुशासन और राष्ट्रसेवा को जीवन का लक्ष्य बनाकर देश के विकास में योगदान देने की अपील की। वहीं गीता कोड़ा ने कहा कि आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और बेटियों में प्रतिभा की कमी नहीं है तथा ‘विकसित भारत@2047’ के संकल्प को पूरा करने के लिए विद्यार्थियों को ज्ञान, नवाचार और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना होगा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।




