जमशेदपुर में शुरू हुआ ‘JOHAR POLICE’ चैटबॉट, सिर्फ एक ‘Hi’ से घर बैठे मिलेंगी पुलिस सेवाएं

जमशेदपुर:- पुलिस से जुड़ी छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए अब लोगों को बार-बार थाना जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जमशेदपुर पुलिस ने आम लोगों की सुविधा के लिए ‘JOHAR POLICE’ WhatsApp चैटबॉट की शुरुआत की है। बुधवार को एसएसपी एहतेशाम वकारीब ने इसकी शुरुआत की।
WhatsApp पर सिर्फ ‘Hi’ भेजना होगा
एसएसपी ने बताया कि ‘JOHAR POLICE’ चैटबॉट का इस्तेमाल WhatsApp के जरिए किया जा सकेगा। इसके लिए लोगों को 9471167577 नंबर पर WhatsApp से सिर्फ ‘Hi’ लिखकर भेजना होगा। इसके बाद चैटबॉट के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न पुलिस सेवाओं और जरूरी जानकारियों तक आसानी से पहुंच बनाई जा सकेगी।
मोबाइल से मिलेंगी कई पुलिस सेवाएं
चैटबॉट के जरिए लोग खोए या चोरी हुए मोबाइल, साइबर अपराध, ट्रैफिक और चालान, पासपोर्ट वेरिफिकेशन तथा चरित्र प्रमाण पत्र से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा पुलिस वेरिफिकेशन की स्थिति, पुलिस कार्यालय में दिए गए आवेदन का स्टेटस और नजदीकी थाना की जानकारी भी हासिल की जा सकेगी।
महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों और ईव-टीजिंग की शिकायत दर्ज कराने की सुविधा भी इसमें उपलब्ध होगी। वहीं वरिष्ठ नागरिकों की सहायता, पुलिस को सुझाव और फीडबैक देने का विकल्प भी चैटबॉट में शामिल किया गया है।
पुलिस-जनता संवाद को मिलेगा बढ़ावा
एसएसपी ने कहा कि ‘JOHAR POLICE’ शुरू करने का मुख्य उद्देश्य पुलिस सेवाओं को आम लोगों के लिए सरल, तेज और सुलभ बनाना है। WhatsApp के माध्यम से घर बैठे जानकारी मिलने से लोगों का समय बचेगा और छोटे-मोटे कार्यों के लिए थाना आने की आवश्यकता कम होगी। उन्होंने कहा कि यह पहल पुलिस और जनता के बीच संवाद को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।




