जादूगोड़ालोकल न्यूज़शासन प्रशासन

जादूगोड़ा में डॉ. आशा लकड़ा के दौरे से चाटीकोचा के 26 विस्थापित परिवारों को जगी उम्मीद, पुनर्वास और मुआवजे की आस

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्या से ग्रामीणों ने सौंपा पांच सूत्री मांगपत्र, यूसील प्रबंधन को हर तीन महीने में समीक्षा बैठक कराने का निर्देश

जादूगोड़ा: राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्या डॉ. आशा लकड़ा के दो दिवसीय जादूगोड़ा दौरे के बाद यूसील के टेलिंग पौंड से सटे चाटीकोचा गांव के 26 विस्थापित परिवारों में पुनर्वास और मुआवजा राशि के भुगतान को लेकर नई उम्मीद जगी है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि आयोग के हस्तक्षेप से लंबे समय से लंबित उनकी मांगों पर अब कार्रवाई आगे बढ़ेगी।

यूसील अनुसूचित जनजाति कर्मचारी संघ के आग्रह पर जादूगोड़ा पहुंचीं डॉ. आशा लकड़ा ने अपने दौरे के दौरान चाटीकोचा के ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने उन्हें पांच सूत्री मांगपत्र सौंपकर विस्थापन, पुनर्वास, नियोजन और मुआवजे से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया।

1997 से लंबित पुनर्वास राशि के भुगतान की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 1997 से उचित पुनर्वास राशि कोषागार में जमा है, लेकिन अब तक संबंधित विस्थापित परिवारों को इसका भुगतान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि आयोग के हस्तक्षेप से करीब तीन दशक से लंबित इस मामले में समाधान का रास्ता खुल सकता है।

चाटीकोचा के ग्रामीणों ने 1997 से पूर्व जन्मे सभी विस्थापितों को नियोजन देने की मांग की। इसके अलावा किसी विस्थापित की मृत्यु होने या कंपनी से सेवानिवृत्त होने की स्थिति में 30 दिनों के भीतर योग्य आश्रित को नौकरी देने की मांग भी रखी गई।

तीसरे टेलिंग पौंड को लेकर ग्रामीणों ने जताई चिंता

ग्रामीणों ने तीसरे टेलिंग पौंड को लेकर हो रही परेशानियों से राहत दिलाने के लिए पुनर्वास की मांग की। ग्रामीणों की ओर से तीसरे टेलिंग पौंड से निकलने वाले यूरेनियम विकिरण के कथित प्रभाव को लेकर भी चिंता जताई गई है। उनका कहना है कि पुनर्वास होने से वे लंबे समय से चली आ रही इन परेशानियों से राहत पा सकेंगे।

यूसील में भेदभाव का लगाया आरोप

यूरेनियम कामगार यूनियन के महामंत्री भरत किस्कू ने आरोप लगाया कि यूसील में कर्मचारियों के लिए दो तरह के नियम लागू किए जा रहे हैं। उन्होंने अनुसूचित जनजाति समुदाय से जुड़े कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाओं में भेदभाव का आरोप लगाया।

भरत किस्कू के अनुसार, जनजातीय कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद कंपनी अस्पताल तक ही मेडिकल सुविधा मिलती है, जबकि उनके आरोप के मुताबिक कंपनी अधिकारियों को सेवानिवृत्ति के बाद सालाना 20 लाख रुपये तक का मेडिकल खर्च कंपनी प्रबंधन की ओर से दिया जाता है।

उन्होंने ड्यूटी के दौरान कर्मचारी की मृत्यु होने पर ग्रुप बीमा के तहत मिलने वाली राशि को भी अपर्याप्त बताया। उनके अनुसार, मृतक परिवार को करीब पांच से सात लाख रुपये मिलने से परिवार का गुजारा मुश्किल होता है। इन समस्याओं से भी डॉ. आशा लकड़ा को अवगत कराया गया।

प्रमोशन और आश्रितों को नौकरी की मांग

बैठक में यूसील कर्मचारियों की धीमी प्रमोशन नीति, विस्थापित आदिवासियों के मृतक आश्रितों को नौकरी तथा पीढ़ी-दर-पीढ़ी नियोजन समेत विभिन्न मांगें भी आयोग की सदस्या के समक्ष रखी गईं।

यूसील अनुसूचित जनजाति कर्मचारी संघ ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं से डॉ. आशा लकड़ा को अवगत कराया। संघ के अनुसार, समस्याओं के समाधान को लेकर यूसील प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

हर तीन महीने में होगी समीक्षा बैठक

डॉ. आशा लकड़ा ने यूसील प्रबंधन से कहा कि हर तीन महीने में यूसील अनुसूचित जनजाति कर्मचारी संघ के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाए, ताकि कर्मचारियों से जुड़े विवादों और समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सके।

अब ग्रामीणों और कर्मचारियों की निगाहें इस बात पर हैं कि राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के दौरे के बाद यूसील प्रबंधन उनकी मांगों पर कितना प्रभावी कदम उठाता है और वर्षों से लंबित पुनर्वास व मुआवजे के मामलों का समाधान कब तक होता है।

बैठक में ये लोग रहे मौजूद

बैठक में यूसील के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक डॉ. कंचम आनंद राव, उप महाप्रबंधक (कार्मिक) राकेश कुमार, तुरामडीह माइंस के प्रबंधक (कार्मिक) संजीव रंजन, तकनीकी निदेशक विक्रम केसरी दास, महाप्रबंधक मनोज कुमार और कार्यकारी निदेशक एमके सिंघई मौजूद रहे।

वहीं यूसील अनुसूचित जनजाति कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मनोरंजन महाली, महासचिव दीपतेन्दु हांसदा, कार्यकारी महासचिव श्रीजन टुडू, दामू नाईक, हीरा टुडू, बगजाता माइंस के सह सचिव शांखो मुर्मू, जादूगोड़ा मिल के सह सचिव सुरजीत कुमार सोरेन, तुरामडीह माइंस के सह सचिव सुनील दिग्गी, तुरामडीह मिल के सह सचिव मानिक चांद मुर्मू, महुलडीह माइंस के सह सचिव लखन टुडू समेत अन्य कर्मचारी शामिल हुए।

चाटीकोचा के ग्राम प्रधान मेघराई सोरेन के अलावा सालूका हेंब्रम, पिथो माझी, अर्जुन हेंब्रम सहित अन्य ग्रामीण भी बैठक में उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!