जादूगोड़ा के पीएमश्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय खुकड़ाडीह में ‘बोलेगा खुकड़ाडीह’ कार्यक्रम का शुभारंभ, बच्चों में बढ़ेगी अभिव्यक्ति की क्षमता
प्रार्थना सभा में मातृभाषा में ‘अपने मन की बात’ रखेंगे विद्यार्थी, आत्मविश्वास और कल्पनाशीलता विकसित करने की पहल

जादूगोड़ा: पीएमश्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय खुकड़ाडीह में सोमवार से ‘बोलेगा खुकड़ाडीह’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस नवाचार कार्यक्रम के तहत विद्यार्थी प्रार्थना सभा के दौरान अपनी मातृभाषा में ‘अपने मन की बात’ रखेंगे और अपने विचार, भावनाएं तथा मन में आए विषयों को शिक्षकों एवं सहपाठियों के बीच साझा करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत से विद्यालय के बच्चे उत्साहित और जिज्ञासु नजर आए। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरुण कुमार ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों को अपनी भावनाओं और विचारों को खुलकर व्यक्त करने का अवसर देना है, जिससे उनमें आत्मविश्वास, कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति की क्षमता का विकास हो सके। उन्होंने कहा कि समूह के सामने बोलने में होने वाली झिझक को दूर करने तथा विद्यार्थियों को अपनी बात प्रभावी तरीके से रखने में सक्षम बनाने में यह कार्यक्रम मददगार साबित हो सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को विद्यालय के मंच पर अपनी बात रखने का नियमित अवसर मिलेगा, जिससे वे भविष्य में विभिन्न मंचों पर भी आत्मविश्वास के साथ अपनी बात अभिव्यक्त कर सकेंगे। कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, बाल संसद के सदस्य, प्रधानाध्यापक अरुण कुमार सहित विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे।




