वीरगांव में खुला मुफ्त महिला सिलाई मशीन प्रशिक्षण केंद्र, सात महिलाओं का चयन

जादूगोड़ा: पोटका प्रखंड अंतर्गत आसनबनी पंचायत के वीरगांव में ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर, हुनरमंद और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को महिला स्वावलंबन केंद्र की शुरुआत की गई। विश्व हिंदू परिषद जमशेदपुर (धर्म प्रसार) और वसुधा सारथी ट्रस्ट की ओर से शुरू किए गए इस केंद्र का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं महिला नेत्री दुखनी सोरेन, डॉ. सुंदर लाल मार्डी और अजय कुमार ने नारियल फोड़कर किया।
इस अवसर पर दुखनी सोरेन और अजय कुमार ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है। पहले चरण में वीरगांव की सात महिलाओं का चयन कर उन्हें मुफ्त सिलाई और कटिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को सिलाई से लेकर कपड़ों की कटिंग तक का हुनर सिखाया जाएगा, ताकि वे प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार और स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। जरूरत पड़ने पर केंद्र में सिलाई मशीनों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि वीरगांव के बाद राखा माइंस रेलवे स्टेशन क्षेत्र में भी इसी तरह का प्रशिक्षण अभियान चलाया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उनके लिए आय के नए अवसर उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में वीरग्राम के ग्राम प्रधान डॉ. सुंदर लाल दास, विश्व हिंदू परिषद की अरुणा सारंगी, साई पद्मजा, ज्ञान प्रकाश, अजय कुमार, रंजन कुमार, शुभम भगत, मनसा मंडल तथा वसुधा सारथी ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं प्रशिक्षु दशमी गोप, ललिता गोप, सरस्वती देवी, सुप्रीति, सोनिया गोप समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।




