कोल्हानचाईबासा

सिर में चक्कर आने से अनियंत्रित हुई कार, बराइबुरु सेल गेट के पास गहरे गड्ढे में गिरी

किरीबुरू:प्रकाश गुप्ता: किरीबुरू-बड़ाजामदा मुख्य सड़क पर बराइबुरु सेल गेट के समीप मंगलवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी। दुर्घटना के दौरान कार का एयरबैग खुल गया और वाहन सड़क पर स्किड करते हुए गड्ढे में जा गिरा। राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हादसे में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार कार किरीबुरू की ओर से बड़ाजामदा की तरफ जा रही थी। वाहन को बोलानी के जनरल असिस्टेंट मैनेजर चला रहे थे। बताया गया कि बराइबुरु सेल गेट के पास अचानक उनके सिर में चक्कर आने लगा। इसी दौरान उनका वाहन से नियंत्रण हट गया और कार अनियंत्रित होकर सड़क पर स्किड करने लगी। देखते ही देखते कार सड़क किनारे स्थित गहरे गड्ढे में जा गिरी।

दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकलने में मदद की। गनीमत रही कि कार के गहरे गड्ढे में गिरने के बावजूद किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

हालांकि, हादसे में कार को काफी नुकसान पहुंचा है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे को लेकर चिंता जताई। लोगों का कहना है कि सड़क के किनारे इस तरह के गहरे गड्ढे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं और वाहन चालकों के लिए खतरा बने हुए हैं।

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है। साथ ही सड़क किनारे बने गड्ढों को जल्द दुरुस्त कराने और जरूरत वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!