Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

*मोगरा फुटबॉल प्रतियोगिता में आरव स्पोर्टिंग चैंपियन, जीजीसी झींकपानी को 2-0 से हराया* 

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर प्रखंड अंतर्गत मोगरा फुटबॉल मैदान में आयोजित दो दिवसीय स्व. सोनाराम सिंकु एवं स्व. मानसिंह सिंकु मेमोरियल फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में आरव स्पोर्टिंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीजीसी झींकपानी को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही आरव स्पोर्टिंग के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मध्यांतर से पहले टीम ने एक गोल कर बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में आरव स्पोर्टिंग ने एक और गोल दागकर मुकाबला 2-0 से अपने पक्ष में कर लिया।

फाइनल मुकाबले का शुभारंभ जगन्नाथपुर विधायक सह सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक एवं पश्चिमी सिंहभूम कांग्रेस जिला अध्यक्ष सोनाराम सिंकु ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने और फुटबॉल को किक मारकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करता है। खेल के मैदान में जीत और हार दोनों से सीख मिलती है। विजेता टीम को उन्होंने बधाई दी और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों से निराश नहीं होने की अपील की।

सोनाराम सिंकु ने कहा कि खिलाड़ियों को लगातार मेहनत और लगन के साथ अभ्यास करना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवा खेल के माध्यम से आगे बढ़कर पश्चिमी सिंहभूम और झारखंड का नाम रोशन कर सकते हैं।

नव युवक संघ मोंगरा के अध्यक्ष जगन्नाथ दास ने मुख्य अतिथि सोनाराम सिंकु को बुके एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इसके बाद मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं सम्मानित अतिथियों ने विजेता और अन्य टीमों को पुरस्कार प्रदान किए।

विजेता आरव स्पोर्टिंग को 80 हजार रुपये नगद, ट्रॉफी और फुटबॉल, उपविजेता जीजीसी झींकपानी को 60 हजार रुपये, ट्रॉफी और फुटबॉल दिया गया। तृतीय स्थान पर रहे फ्रेंड्स क्लब ओडिशा को 20 हजार रुपये, ट्रॉफी और फुटबॉल, चतुर्थ कुमारडूंगी एफसी को 20 हजार रुपये, ट्रॉफी और फुटबॉल, पंचम जलडीहा एफसी को 10 हजार रुपये, ट्रॉफी और फुटबॉल तथा षष्ठम रॉयल स्पोर्टिंग को 10 हजार रुपये, ट्रॉफी और फुटबॉल देकर सम्मानित किया गया।

मौके पर रेंजर जितेंद्र प्रसाद सिंह, मुंडा सोमनाथ सिंकु, बिपिन सिंकु, निर्मल सिंकु, सुरेश दास, राजू पान, गुरुचरण सिंकु, चंद्रमोहन सिंकु समेत आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!