कोल्हानचाईबासा

जनता दरबार में लोगों ने रखीं समस्याएं, उपायुक्त ने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का दिया निर्देश

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में शुक्रवार को उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए।

उपायुक्त मनीष कुमार ने लोगों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित मामलों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्राप्त आवेदनों पर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान किया जा सके।

जनता दरबार में प्राप्त कई आवेदनों का मौके पर ही तत्काल निष्पादन किया गया। वहीं, जिन मामलों में संबंधित विभागों एवं कार्यालयों से जांच या निर्धारित प्रक्रिया पूरी किया जाना आवश्यक है, उन्हें संबंधित पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

जनता दरबार में मुख्य रूप से दिव्यांगजनों को सहायता, राशन, एनओसी निर्गत करने, भूमि सीमांकन, आधार कार्ड से संबंधित समस्या, लीज नवीकरण, जमीन से जुड़े विवाद तथा अभिलेखागार से संबंधित मामले सामने आए।

उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसामान्य से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

जनता दरबार जिला प्रशासन और आमजनों के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं एवं शिकायतें सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखते हैं और प्रशासन द्वारा संबंधित मामलों के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!