कोल्हान

*झारखंड स्थापना दिवस पर 15 नवंबर को चाईबासा में होगा ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’, उपायुक्त ने तैयारियों की समीक्षा की*

चाईबासा: झारखंड स्थापना दिवस समारोह-2026 को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसको लेकर उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी शामिल हुए। बैठक में 15 नवंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समय पर व्यवस्था पूरी करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं की विशेष साफ-सफाई कराई जाए। 15 नवंबर को सभी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। वहीं, 14 नवंबर को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, सरकारी भवनों और विद्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने विद्यालयों में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, त्याग और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर आधारित कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया। इसके तहत ‘बोलेगा सिंहभूम’ अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों के बीच चर्चा, परिचर्चा और जागरूकता कार्यक्रम होंगे, ताकि नई पीढ़ी उनके विचारों और आदर्शों को जान सके।

15 नवंबर को होगी ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ दौड़

झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को सुबह 7 बजे पुराना समाहरणालय परिसर, चाईबासा से गांधी टोला छठ घाट तक ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और शहर को साफ-सुथरा बनाने में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही जिले के अन्य छठ घाटों पर भी विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को घाटों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई तथा जरूरी संसाधनों की व्यवस्था समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।

स्वच्छता अभियान में आम लोगों से शामिल होने की अपील

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। इसे जन-आंदोलन बनाने की जरूरत है। उन्होंने अभियान में अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली बच्चों, युवाओं, आम नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि वे 15 नवंबर को सुबह 7 बजे पुराना समाहरणालय परिसर पहुंचकर ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ में भाग लें और स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ चाईबासा बनाने में सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!