Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
Jamshedpur

दो साल से सड़क निर्माण ठप, विधायक संजीव सरदार ने अधिकारियों को लगाई फटकार, दो लापरवाह कंपनियों पर डीबार की कार्रवाई

जमशेदपुर: पोटका विधानसभा क्षेत्र में वर्षों से लंबित सड़क निर्माण योजनाओं को लेकर विधायक संजीव सरदार ने कड़ा रुख अपनाया है। जमशेदपुर परिसदन में ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में विधायक ने लंबित सड़क योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की और निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई।

विधायक संजीव सरदार ने अधिकारियों से स्पष्ट सवाल किया कि टेंडर होने के दो-दो वर्ष बाद भी कई सड़कों का निर्माण क्यों शुरू नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जनता के विकास से जुड़ी योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन संवेदकों ने बार-बार नोटिस के बावजूद काम शुरू नहीं किया है, उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए और लंबित योजनाओं का जल्द से जल्द री-टेंडर कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।

तीन नोटिस के बाद भी काम नहीं, संवेदक पर डीबार की अनुशंसा

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि सिरहा कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड को मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत पोटका प्रखंड की कई महत्वपूर्ण सड़कों के सुदृढ़ीकरण का काम सौंपा गया था। इनमें सरमदा-सानग्राम, सादेडीह-पोरा, समाईडीह-खापरसाई और रोलाडीह-खापरसाई सड़कें शामिल हैं।

इस योजना का कार्य 7 अगस्त 2025 को आवंटित किया गया था। निर्धारित अवधि में काम शुरू नहीं होने के बाद विभाग की ओर से 6 जनवरी और 20 जनवरी 2026 को नोटिस जारी किए गए। इसके बावजूद संवेदक द्वारा काम शुरू नहीं किया गया और संतोषजनक जवाब भी नहीं दिया गया। इसके बाद विभाग ने कंपनी को डीबार करने की अनुशंसा की है।

11 करोड़ से अधिक की सड़क योजना में भी अधूरा काम

बैठक में करीब 11.14 करोड़ रुपये की लागत वाली सड़क सुदृढ़ीकरण योजना की भी समीक्षा की गई। इस योजना में हरिणा-बुनूडीह, एल-113 से पोरा, एल-89 से पोरसा, पिछली-बांधडीह, रादुर-कोपे, पूटूडोनी-सिदिरसाई तथा एच.जे. रोड से बेदेजुरा तक की सड़कें शामिल हैं।

अधिकारियों के अनुसार कई सड़कों पर केवल प्रारंभिक स्तर का काम किया गया है। हरिणा से सुदृढ़ी चौक, एल-089 से पोरसा, पिठली से बांधडीह और रागुड़ से कोपे सड़क पर केवल वेट मिक्स मैकाडम का काम हुआ है। वहीं पुड़दुनी से सिदिरसाई सड़क पर सिर्फ गार्डवाल निर्माण किया गया है। कई हिस्सों में अब तक निर्माण कार्य शुरू ही नहीं हुआ है।

निर्धारित समय सीमा समाप्त होने और लगातार नोटिस दिए जाने के बावजूद काम में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर विभाग ने संवेदक के खिलाफ डीबार की कार्रवाई की अनुशंसा की है।

16.52 करोड़ की विशेष मरम्मत योजना भी प्रभावित

समीक्षा बैठक में 16.52 करोड़ रुपये की लागत वाली विशेष सड़क मरम्मत योजनाओं की भी जानकारी ली गई। हाता-जादूगोड़ा-भुजुडीह, दबंकी-गोबरागोड़ा-मानपुर, कुलडीहा-राखा माइंस रेलवे स्टेशन तथा शाहजोरी-सोनापास सड़क के विशेष मरम्मत कार्य लंबे समय से लंबित बताए गए।

इन योजनाओं का काम भी सिरहा कंस्ट्रक्शन को सौंपा गया था। अधिकारियों के मुताबिक कुलडीहा मुख्य पथ से राखा माइंस रेलवे स्टेशन तक केवल चौड़ीकरण का काम किया गया, जबकि अन्य हिस्सों में निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। कई नोटिस के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर कंपनी को डीबार करने की अनुशंसा की गई है।

दूसरी कंपनी पर भी कार्रवाई की तैयारी

बैठक में रेलवे स्टेशन-बाहरदोरी-चेंगरा तथा कुदादा-छोटा तलसा सड़क सुदृढ़ीकरण योजना की भी समीक्षा हुई। इन सड़कों का कार्य मिथिला एचआर कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड को आवंटित किया गया था।

विभाग द्वारा 11 मार्च, 11 अप्रैल और 5 मई 2026 को नोटिस जारी किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। इसके बाद विभाग ने इस कंपनी को भी डीबार करने की अनुशंसा की है।

जनता के विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं’

विधायक संजीव सरदार ने कहा कि सड़कें ग्रामीण क्षेत्र के विकास की रीढ़ हैं। सड़क निर्माण में देरी का सीधा असर आम लोगों के आवागमन और क्षेत्र के विकास पर पड़ता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लापरवाह संवेदकों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए और लंबित योजनाओं को री-टेंडर कराकर जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जाए।

उन्होंने कहा कि जनता के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंचना चाहिए।

पोटका में तीन नई सड़कों का जल्द होगा भूमिपूजन

बैठक के बीच पोटका क्षेत्र के लिए एक अच्छी खबर भी सामने आई। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत विधानसभा क्षेत्र में तीन महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण का भूमिपूजन जल्द कराया जाएगा।

इनमें गंभीरकोचा से जोजोगोड़ा तक 3.3 किलोमीटर सड़क का निर्माण करीब 3.29 करोड़ रुपये, हल्दीपोखर चौक से मुस्लिम बस्ती होते हुए हेंसल सीमा तक 2.1 किलोमीटर सड़क का निर्माण करीब 1.22 करोड़ रुपये तथा हेंसलामदा पंचायत के दीगरसाईं से पोडसागोड़ा तक 1.85 किलोमीटर सड़क का निर्माण करीब 1.68 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।

विधायक संजीव सरदार ने कहा कि ‘विकसित पोटका’ उनका संकल्प है। सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले छह वर्षों में पोटका में सड़क विकास को गति मिली है और जल्द ही नई योजनाओं का भूमिपूजन कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

बैठक में कार्यपालक अभियंता नीरज कुमार मिश्र, सहायक अभियंता अमरजीत कुमार सिंह, पोटका के कनीय अभियंता विकास कुमार केशरी, जमशेदपुर सदर के कनीय अभियंता इंदु शेखर दुबे, बहरागोड़ा के कनीय अभियंता राजा हेम्ब्रम और घाटशिला के सहायक अभियंता रितेश कुमार सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!