सदर अस्पताल में ब्लड दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप, संदिग्ध पकड़कर पुलिस को सौंपा गया

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर अस्पताल, चाईबासा में ब्लड उपलब्ध कराने के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोग खुद को अस्पताल का कर्मचारी बताकर जरूरतमंद मरीजों के परिजनों से पैसे वसूल रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, ग्रामीण बुधराम गोप ने आरोप लगाया कि शनिवार को ब्लड की व्यवस्था कराने के नाम पर उनसे ₹4,700 लिए गए। पैसे लेने के बाद संबंधित व्यक्ति वहां से चला गया और ब्लड की कोई व्यवस्था नहीं कराई। रविवार को बुधराम गोप ने उसी व्यक्ति को दोबारा सदर अस्पताल परिसर में देखा, जहां वह कथित तौर पर किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क कर रहा था।
इसके बाद बुधराम गोप ने अस्पताल प्रबंधन समिति के सुरक्षा गार्ड की मदद से संदिग्ध को पकड़ लिया और सदर थाना, चाईबासा ले गए। उन्होंने पुलिस से अपने पैसे वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम संजय सोलंकी बताया, जबकि अपने एक सहयोगी का नाम प्रिंस तिग्गा बताया।
घटना की जानकारी मिलने पर समाजसेवी एवं खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा भी सदर अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने जिला प्रशासन एवं अस्पताल प्रबंधन से अस्पताल परिसर में सक्रिय ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
सिद्धार्थ होनहागा ने कहा कि जिले के दूर-दराज गांवों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए सदर अस्पताल आते हैं। ऐसे में ब्लड की जरूरत पड़ने पर कुछ लोग उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर अवैध रूप से पैसे वसूल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी व्यवस्था के तहत ब्लड उपलब्ध कराया जाता है, इसलिए किसी भी मरीज या परिजन को दलालों के झांसे में नहीं आना चाहिए।
फिलहाल पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल प्रबंधन ने भी मरीजों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि ब्लड या अन्य किसी भी सुविधा के लिए केवल अधिकृत अस्पताल कर्मियों से ही संपर्क करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को पैसे न दें।
नोट: यह मामला शिकायत और आरोपों पर आधारित है। पुलिस जांच के बाद ही तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि होगी।




