Jamshedpur : रथ यात्रा महोत्सव की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, धालभूम अनुमंडल कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक
बिजली, यातायात, सुरक्षा और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर रथ समितियों ने रखे सुझाव

जमशेदपुर : जमशेदपुर के धालभूम अनुमंडल कार्यालय में रथ यात्रा महोत्सव के सफल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) धालभूम एवं पुलिस अधीक्षक (नगर) ने संयुक्त रूप से की। इसमें धालभूम अनुमंडल क्षेत्र की विभिन्न रथ यात्रा समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान समिति सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था, ट्रैफिक मूवमेंट, साफ-सफाई, पेयजल, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं एवं सुझावों से प्रशासन को अवगत कराया। प्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : दामू बानरा के निधन पर झामुमो प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने जताया गहरा शोक
विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश
बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों पर अनुमंडल पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक (नगर) ने गंभीरता से विचार किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने sकहा कि रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, सुगम यातायात व्यवस्था, स्वच्छता और विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। साथ ही रथ यात्रा समिति के प्रतिनिधियों से प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने तथा किसी भी समस्या या सूचना की तत्काल जानकारी देने की अपील की गई। बैठक में सभी से रथ यात्रा महोत्सव को सौहार्दपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया गया।




