
गुवा : पश्चिम सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा के भट्टीसाई स्थित नया बस स्टैंड वर्षों से उद्घाटन का इंतजार कर रहा है। यात्रियों की सुविधा के उद्देश्य से बनाए गए इस बस स्टैंड का निर्माण तो पूरा हो गया, लेकिन आज तक इसे आम जनता के लिए शुरू नहीं किया गया । परिणामस्वरूप करोड़ों की लागत से तैयार यह सुविधा केंद्र अनुपयोगी होकर बदहाली का शिकार बन गया है।
बस स्टैंड परिसर में यात्री शेड समेत कई आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई थीं, ताकि यात्रियों को धूप, बारिश और अन्य मौसम संबंधी परेशानियों से राहत मिल सके। लेकिन लंबे समय से बंद पड़े रहने के कारण परिसर में झाड़ियां उग आई हैं और भवन की स्थिति भी धीरे-धीरे जर्जर होती जा रही है। देखरेख के अभाव में पूरा परिसर वीरान नजर आता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बस स्टैंड का संचालन शुरू हो जाए तो यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
साथ ही बड़ाजामदा की यातायात व्यवस्था भी अधिक व्यवस्थित हो सकेगी। उनका आरोप है कि संबंधित विभाग और प्रशासन की उदासीनता के कारण यह महत्वपूर्ण परियोजना वर्षों से अधर में लटकी हुई है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि नए बस स्टैंड का जल्द उद्घाटन कर इसे आम जनता के लिए चालू किया जाए। साथ ही परिसर की साफ-सफाई, मरम्मत और नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि सरकारी धन का सदुपयोग हो सके और लोगों को इस सुविधा का वास्तविक लाभ मिल सके।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : चाईबासा पुलिस लाइन परिसर में विजयवर्गीय वैश्य सभा ने किया वृक्षारोपण




