Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
Jamshedpur

जनगणना कर्मी बनकर फ्लैट में घुसे बदमाश, महिला को बंधक बनाकर जेवर लूटे

जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित श्री कृष्णा उद्यान अपार्टमेंट में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोप है कि बदमाशों ने जनगणना विभाग की कर्मी बनकर एक फ्लैट में प्रवेश किया और घर में अकेली महिला को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की। इसके बाद बदमाश महिला के गले से सोने की चेन और कान की बाली उतरवाकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, लीलावती अम्मा अपने फ्लैट में अकेली थीं। इसी दौरान एक महिला उनके घर पहुंची और खुद को जनगणना विभाग की कर्मी बताते हुए बातचीत करने लगी। इसी बीच दो युवक भी फ्लैट में पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने मिलकर महिला को धक्का देकर घर के अंदर बंधक बना लिया।

पीड़िता के मुताबिक, बदमाशों ने करीब आधे घंटे तक उन्हें बंधक बनाए रखा। इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई और जेवर लूट लिए गए। विरोध करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया गया। मारपीट में उनके मुंह में चोट लगी और एक दांत भी टूट गया।

लूटपाट के बाद बदमाशों ने महिला को फ्लैट की बालकनी में बंद कर दिया और मौके से फरार हो गए। महिला ने किसी तरह बालकनी से शोर मचाकर पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। पड़ोसियों ने उन्हें बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला के पति बी. एस. पिल्लै मौके पर पहुंचे। वे डिमना स्थित एक ऑटो शोरूम में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। वहीं, सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस अपार्टमेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!