Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

चाईबासा में जिला उपभोक्ता आयोग के जर्जर भवन का छज्जा गिरा, बाल-बाल बचे कर्मचारी

चाईबासा। जिला मुख्यालय स्थित जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग, पश्चिमी सिंहभूम के जर्जर भवन का छज्जा शनिवार को अचानक गिर गया। घटना के समय कार्यालय में कर्मचारी मौजूद थे, लेकिन गनीमत रही कि कोई इसकी चपेट में नहीं आया। छज्जा गिरने के बाद कार्यालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया गया कि आयोग का भवन लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। भवन की बाहरी दीवारों और छज्जों में जगह-जगह दरारें हैं। बारिश और नमी के कारण कई हिस्सों में सीलन, काई और प्लास्टर उखड़ने की समस्या बनी हुई है। कार्यालय के अंदर भी छत और दीवारों पर सीलन के निशान दिखाई देते हैं।

कर्मचारियों के अनुसार, भवन की जर्जर स्थिति की जानकारी पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त और भवन निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारियों को पहले ही दी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक मरम्मत को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में चिंता बनी हुई है।

आयोग कार्यालय में प्रतिदिन कर्मचारी, अधिवक्ता, उपभोक्ता और अन्य लोग अपने मामलों के सिलसिले में पहुंचते हैं। ऐसे में भवन का कोई हिस्सा अचानक गिरना गंभीर खतरे का कारण बन सकता है। कर्मचारियों ने समय रहते भवन का तकनीकी निरीक्षण कराने और जर्जर हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

बरसात के मौसम में भवन की स्थिति और खराब होने की आशंका जताई जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि भवन अधिक असुरक्षित पाया जाता है तो कार्यालय को किसी सुरक्षित भवन में स्थानांतरित करने पर भी विचार किया जाना चाहिए।

छज्जा गिरने की घटना के बाद एक बार फिर जर्जर सरकारी भवनों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। कर्मचारियों ने किसी बड़े हादसे का इंतजार किए बिना तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!