Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल में राज्य स्तरीय वुशु चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ, 26 डीएवी विद्यालयों के 271 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

चाईबासा। सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल, चाईबासा में डीएवी स्पोर्ट्स-2026 के तहत राज्य स्तरीय वुशु चैंपियनशिप का सोमवार को उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता 24 और 25 अगस्त को विद्यालय परिसर में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में 10 संकुलों के 26 डीएवी विद्यालयों से अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के कुल 271 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 73 बालिकाएं और 198 बालक शामिल हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं हवन के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य-सह-एआरओ ओपी मिश्रा, समाजसेवी सुरेश प्रसाद सिंह, पर्यवेक्षक एवं डीएवी गुआ के प्राचार्य प्रवीण कुमार तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं की मौजूदगी में दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया गया।

उद्घाटन समारोह में स्वागत गीत, ध्वजारोहण, डीएवी गान, मार्च पास्ट और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत प्रेरणादायी गीत ने वातावरण में जोश और उत्साह भर दिया। वहीं झारखंड वुशु संघ की टीम ने गोकुलानंद मिश्र के निर्देशन में वुशु का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की खूब वाहवाही बटोरी।

वुशु चीन की प्राचीन मार्शल आर्ट और आधुनिक लड़ाकू खेल का स्वरूप है। इसे कुंग-फू का आधुनिक एवं प्रतियोगी रूप भी माना जाता है। इसमें खिलाड़ी खाली हाथों के साथ-साथ तलवार, भाला और लाठी जैसे उपकरणों के माध्यम से विभिन्न तकनीकों और शारीरिक कौशल का प्रदर्शन करते हैं।

प्रधानाचार्य-सह-एआरओ ओपी मिश्रा ने सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासन, समर्पण, आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना मजबूत होती है।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 26 डीएवी विद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ियों और खेल अधिकारियों की मौजूदगी से विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल बना हुआ है। प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन, साहस और खेल भावना विकसित करने का अवसर प्रदान कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!