Jamshedpur

डांगोवापोसी में 100 फीट ऊंचे स्ट्रक्चर से गिरकर मजदूर की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

जमशेदपुर। चक्रधरपुर रेल डिवीजन के डांगोवापोसी रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक हादसे में गुवा के कल्याण नगर निवासी 32 वर्षीय मजदूर समीर खान की मौत हो गई। बताया गया कि कैरेज एंड वैगन विभाग के सीक लाइन क्षेत्र में करीब 80 से 100 फीट ऊंचे स्ट्रक्चर की ब्लू शीट बदलने के दौरान वह नीचे गिर गया।

हादसे के समय मौसम खराब होने और बारिश के बावजूद इतनी ऊंचाई पर काम कराए जाने की बात सामने आई है। परिजनों और साथी मजदूरों ने आरोप लगाया कि समीर को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए बिना स्ट्रक्चर पर चढ़ाया गया था। संतुलन बिगड़ने के बाद वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद उसे तत्काल टाटा स्टील नोवामुंडी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।

हादसे के बाद से ठेका कार्यों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मजदूरों और परिजनों ने निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि सेफ्टी हार्नेस, बेल्ट, हेलमेट और सुरक्षा रस्सी जैसे आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं, इसकी जांच होनी चाहिए।

लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार ठेकेदार, सुपरवाइजर या अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही मृतक के एक आश्रित को रेलवे में नौकरी और परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग भी उठी है। हादसे ने रेलवे परिसर में ठेका कार्यों की सुरक्षा निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!