
चाईबासा:प्रकाश गुप्ता:सिंहभूम (कोल्हान) प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम ने मंगलवार को चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार भी मौजूद रहे। आयुक्त ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत चल रहे मतदाता सूची संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया।

आयुक्त ने बंगाली बालिका उच्च विद्यालय स्थित मतदान केंद्र संख्या 228, 229 और 231 तथा कार्मेल हाई स्कूल स्थित मतदान केंद्र संख्या 232, 233 और 236 का जायजा लिया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों से निर्वाचन संबंधी गतिविधियों और मतदाता सूची पुनरीक्षण की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में सुधार, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, अनमैप्ड मतदाताओं तथा अन्य विसंगतियों से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। आयुक्त ने नोटिस के निस्तारण की स्थिति के साथ नए मतदाताओं के लिए प्राप्त प्रपत्र-6 और परिवार के सदस्यों को यथासंभव एक ही मतदान केंद्र पर रखने के लिए प्राप्त प्रपत्र-8 के निष्पादन की जानकारी ली।
आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कार्य पारदर्शी तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल हो सकें और सूची त्रुटिरहित एवं अद्यतन बन सके।
उन्होंने अनमैप्ड एवं अन्य चिन्हित मामलों के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं करने तथा प्रपत्र-6 और प्रपत्र-8 का नियमानुसार सत्यापन कर समय पर निष्पादन करने को कहा।
उपायुक्त मनीष कुमार ने भी संबंधित पदाधिकारियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम की नियमित समीक्षा करने और सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बीएलओ स्तर पर चल रही गतिविधियों की प्रभावी निगरानी और मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
अधिकारियों ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरे किए जाएंगे। इसका उद्देश्य पात्र मतदाताओं का नाम सूची में सुनिश्चित करना और मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाना है।
मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर चक्रधरपुर में प्रशासन की सक्रियता ऐसे समय में सामने आई है, जब राज्य में मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन करने की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया जा रहा है।




