कोल्हानचाईबासा

हरियाली तीज पर जागृति शाखा ने धूमधाम से मनाया तीज महोत्सव, रीना भूत बनीं सावन क्वीन

चाईबासा:प्रकाश गुप्ता:हरियाली तीज के अवसर पर चाईबासा जागृति शाखा की ओर से स्थानीय रूंगटा गार्डन में तीज महोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में शाखा की सदस्यों ने पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर तीज पर्व का आनंद लिया। आयोजन का प्रबंध समाजसेवी मुकुंद रूंगटा की ओर से किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत शाखा अध्यक्ष चंदा अग्रवाल और विनीता सराफ ने सदस्यों को तिलक लगाकर तथा सुहाग सामग्री देकर स्वागत के साथ की। इसके बाद विभिन्न मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सदस्यों ने मारवाड़ी गीतों पर प्रस्तुतियां दीं और सखियों के दौर की प्रस्तुति से कार्यक्रम में उत्साह और उमंग भर दी।

तीज महोत्सव में सावन क्वीन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें शाखा की सदस्यों ने सज-धजकर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में रीना भूत को सावन क्वीन चुना गया और उन्हें सम्मानित किया गया। इसके अलावा महिलाओं ने विभिन्न खेलों और हौजी में भाग लिया तथा स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया।

इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष चंदा अग्रवाल ने कहा कि हरियाली तीज महिलाओं के लिए आस्था और उल्लास का पर्व है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य त्योहार मनाने के साथ-साथ समाज की महिलाओं को एकजुट करना और आपसी मेलजोल बढ़ाना भी है। उन्होंने कहा कि जागृति शाखा हर वर्ष त्योहारों को नए अंदाज में मनाने का प्रयास करती है, ताकि सदस्य अपनी परंपरा और संस्कृति से जुड़े रहें।

कार्यक्रम संयोजिका स्वीटी दोदराजका ने आयोजन की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि सह संयोजिका ममता जिंदल ने सहयोग किया। सचिव रिंकी अग्रवाल सहित शाखा की कई सदस्य कार्यक्रम में शामिल हुईं।

तीज महोत्सव के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक गीत, मनोरंजन, खेल और आपसी मेलजोल के बीच कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन में राजस्थानी और मारवाड़ी संस्कृति की भी सुंदर झलक देखने को मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!