कोल्हानचाईबासा

17वें कौशल कुमार ठाकुर मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट में टाटा स्टील फाउंडेशन बना विजेता

चाईबासा।प्रकाश गुप्ता:80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सत्यम बिल्डर चाईबासा की ओर से सिंहभूम स्पोर्ट्स एसोसिएशन मैदान में 17वां कौशल कुमार ठाकुर मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में कुल 15 टीमों ने हिस्सा लिया। टूर्नामेंट के मुख्य संरक्षक झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर और संरक्षक सत्यम बिल्डर चाईबासा के विनय कुमार ठाकुर रहे।

फाइनल मुकाबले में टाटा स्टील फाउंडेशन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 40 हजार रुपये नकद राशि और ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं, नदीपार ओ.एफ. की टीम उपविजेता रही, जिसे 30 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी दी गई। सेमीफाइनल में पहुंचने वाली बान टोला टीम को 10-10 हजार रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में व्यक्तिगत पुरस्कार भी प्रदान किए गए। बेस्ट स्कोरर का पुरस्कार टाटा स्टील फाउंडेशन के बिशु कुंकल को, जबकि बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार नदीपार ओ.एफ. के श्रीराम कारवां को मिला। विजय सामड को मेन ऑफ द मैच और विश्वजीत सुरीन को मेन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।

मुख्य अतिथि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर चाईबासा बहामन टूटी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का बेहतर माध्यम है। फुटबॉल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और क्षेत्र का नाम रोशन करने की अपील की।

विशिष्ट अतिथि झारखंड वैश्य संघर्ष मोर्चा के जिलाध्यक्ष सह समाजसेवी सुनील प्रसाद साव ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं से स्थानीय और ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है। युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों को लगातार प्रोत्साहित करने की जरूरत है।

कार्यक्रम में गब्बर सिंह हेम्ब्रम, संचू तिर्की, दीपक खिरवाल, जगरनाथ हेस्सा, दुर्गा प्रधान, कुलचंद्र कुजूर, अर्जुन बानरा, बाबूलाल बरहा, लालू कुजूर, मानकी कुदादा, लव आल्डा, रंजीत हेंब्रम, सुबोध और ऐसानुल उलहक सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में लालू कुजूर ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, आयोजन समिति और दर्शकों के प्रति आभार जताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!