कोल्हानचाईबासा

एलपीजी सिलेंडर लदा वाहन पलटा, चालक गंभीर रूप से घायल, सड़क पर बिखरे सिलेंडर

चाईबासा:प्रकाश गुप्ता: पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एलपीजी सिलेंडर लदा एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना टूटूगुटू गांव के पास हुई। हादसे में वाहन चालक के पैर में गंभीर चोट लगने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना के बाद वाहन में लदे गैस सिलेंडर सड़क पर इधर-उधर बिखर गए, जिससे मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

बताया गया कि वाहन इंडियन एलपीजी गैस सिलेंडर लेकर झींकपानी की ओर जा रहा था। इसी दौरान टूटूगुटू गांव के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क किनारे पलट गया।

घटना के दौरान जगन्नाथपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफाएल मुर्मू चाईबासा की ओर आ रहे थे। उन्होंने सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त वाहन को देखा तो तत्काल अपना वाहन रोक दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे चालक को बाहर निकाला गया।

हादसे के बाद सड़क पर बिखरे एलपीजी सिलेंडरों को भी ग्रामीणों की सहायता से सावधानीपूर्वक एक जगह सुरक्षित रूप से जमा कराया गया। घायल चालक को प्राथमिक सहायता के बाद इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेजा गया।

समाचार लिखे जाने तक घायल चालक की पहचान और उसके नाम-पते की जानकारी सामने नहीं आ सकी थी। वहीं वाहन किस वजह से अनियंत्रित होकर पलटा, इसका भी स्पष्ट कारण पता नहीं चल पाया है।

झींकपानी थाना प्रभारी राजीव रंजन मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!