टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के चार जवान 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में करेंगे परेड

जमशेदपुर। टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के लिए यह गौरव का क्षण है। टीम के चार जवानों का चयन कोलकाता स्थित गार्डनरीच में आयोजित होने वाले 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण एवं परेड मार्च के लिए किया गया है। चयनित जवानों में दो महिला जवान सरस्वती मूर्मू और तेजीता तथा दो युवा जवान अनुराग कुमार और आलोक कुमार शामिल हैं।

चयनित चारों जवान गार्डनरीच, कोलकाता में रेल सुरक्षा बल के जवानों के साथ परेड का अभ्यास करेंगे। इसके बाद 15 अगस्त को आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण एवं परेड कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के लिए चार जवानों का राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण समारोह में चयन होना बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
इस उपलब्धि पर रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने चारों जवानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरस्वती मूर्मू, तेजीता, अनुराग कुमार और आलोक कुमार का चयन टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के लिए गर्व की बात है। यह उनकी मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षण के प्रति समर्पण का परिणाम है।
संतोष कुमार ने कहा कि परेड केवल कदमताल का अभ्यास नहीं, बल्कि अनुशासन, समयबद्धता, टीम भावना और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने चयनित जवानों से गार्डनरीच में होने वाले अभ्यास के दौरान पूरी लगन और मेहनत के साथ प्रशिक्षण लेने तथा स्वतंत्रता दिवस समारोह में बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय समारोह में शामिल होना हर जवान के लिए गर्व का विषय है। टाटानगर के ये चारों जवान समारोह में हिस्सा लेकर अपने विभाग के साथ-साथ पूरे टाटानगर का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने चारों जवानों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे आगे भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन कर रेल सिविल डिफेंस का नाम रोशन करें।
चारों जवानों के चयन पर रेल सिविल डिफेंस टीम के सदस्यों और सहयोगियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।




