Jamshedpur : जमशेदपुर में ब्राउन शुगर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, महिला समेत तीन गिरफ्तार
सीतारामडेरा के इन्द्रानगर में छापेमारी, 38 पुड़िया ब्राउन शुगर और नकदी बरामद

- महिला, बेटा और नाबालिग को मौके से पकड़ा गया
- मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
- ड्रग्स कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान रहेगा जारी
जमशेदपुर : शहर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीतारामडेरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला, उसके बेटे और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 38 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका कुल वजन 4.32 ग्राम बताया गया है, तथा बिक्री से जुड़े 4,820 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले का खुलासा सोमवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में किया। उन्होंने बताया कि रविवार शाम गुप्त सूचना मिली थी कि ह्यूमपाइप स्थित इन्द्रानगर निवासी भारती कैबर्तो अपने घर से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का अवैध कारोबार संचालित कर रही है। सूचना की पुष्टि होने के बाद तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई गई और विशेष टीम का गठन किया गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : राहुल बच्चा हत्याकांड में बड़ी सफलता, मुख्य आरोपी विक्की सिंह गिरफ्तार
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की योजनाबद्ध छापेमारी
सिटी एसपी के अनुसार सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी टीम ने भारती कैबर्तो के घर पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 40 वर्षीय भारती कैबर्तो, उसका 22 वर्षीय पुत्र विशाल कैबर्तो और एक नाबालिग को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने 38 पुड़िया ब्राउन शुगर और नशीले पदार्थों की बिक्री से प्राप्त 4,820 रुपये नकद जब्त किए। पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : राष्ट्रीय गांधीवादी नेतृत्व शिविर के लिए जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की छात्रा नाजिया परवीन का चयन
बरामद ब्राउन शुगर और नकदी को पुलिस ने किया जब्त
प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि भारती कैबर्तो पहले से ही पुलिस रिकॉर्ड में पेशेवर ड्रग्स पेडलर के रूप में दर्ज है। उसके खिलाफ सीतारामडेरा, जुगसलाई और सोनारी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत छह मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं उसके बेटे विशाल कैबर्तो के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सिटी एसपी ने स्पष्ट कहा कि शहर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। छापेमारी में दंडाधिकारी के रूप में कनीय अभियंता उमाशंकर सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।




