Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
Jamshedpurकोल्हान

एलबीएसएम कॉलेज में जलजमाव के बीच छात्रा करंट की चपेट में, अस्पताल में भर्ती

जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह स्थित एलबीएसएम कॉलेज में शनिवार सुबह परीक्षा देने पहुंची एक छात्रा करंट की चपेट में आने से घायल हो गई। घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरातफरी मच गई। छात्रों की मदद से घायल छात्रा को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घायल छात्रा की पहचान सुंदरनगर थाना क्षेत्र के नीलडूंगरी निवासी रायमुनि के रूप में हुई है। वह एलबीएसएम कॉलेज में प्रथम सेमेस्टर की पॉलिटिकल साइंस की छात्रा है। बताया गया कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे वह मल्टीपरपज हॉल में परीक्षा देने जा रही थी। हॉल के सामने जलजमाव होने के कारण वह पानी से बचते हुए किनारे से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से वह गिरकर बेहोश हो गई।

प्राचार्य ने अस्पताल पहुंचकर जाना छात्रा का हाल

घटना की जानकारी मिलने के बाद कॉलेज के प्राचार्य अशोक झा सदर अस्पताल पहुंचे और घायल छात्रा का हालचाल जाना। घटना के बाद कॉलेज परिसर में जलजमाव हटाने के साथ ही संबंधित स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया।

छात्र नेताओं ने लगाया लापरवाही का आरोप

छात्र नेताओं का आरोप है कि इसी स्थान पर पहले भी एक छात्रा करंट की चपेट में आकर घायल हो चुकी है। उनका कहना है कि पिछली घटना के बाद कॉलेज प्रबंधन को जलजमाव और बिजली से जुड़े संभावित खतरे की जानकारी दी गई थी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

छात्र नेताओं ने कहा कि दोबारा हादसा होने के बाद अब सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद शुरू की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कॉलेज प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया, तो सोमवार से कॉलेज बंद कराने को लेकर आंदोलन किया जाएगा।

प्राचार्य बोले- संबंधित बिल्डिंग में बिजली कनेक्शन नहीं

वहीं, कॉलेज के प्राचार्य अशोक झा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि छात्रा सुबह करीब 10 बजे गिरकर घायल हुई थी। हालांकि, उन्होंने करंट लगने की बात पर स्पष्ट सहमति नहीं जताई। प्राचार्य के अनुसार संबंधित बिल्डिंग में बिजली का कनेक्शन नहीं है और वहां सोलर व्यवस्था से बिजली उपलब्ध कराई जाती है। ऐसे में वहां करंट कैसे आया, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल नहीं है।

प्राचार्य ने बताया कि छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घटनास्थल की घेराबंदी की जा रही है और पूरे क्षेत्र को दुरुस्त कराया जाएगा।

घटना के बाद एलबीएसएम कॉलेज परिसर में छात्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। खासकर यह सवाल उठ रहा है कि यदि पिछली घटना के बाद समय रहते जलजमाव और विद्युत सुरक्षा की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाते, तो क्या शनिवार को हुआ हादसा टाला जा सकता था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!