Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

पश्चिमी सिंहभूम में प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित, नए मतदाताओं का नाम जोड़ने की प्रक्रिया शुरू

चाईबासा: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बुधवार से प्रारूप मतदाता सूची एवं एएसडीडी (ASDD) सूची का सार्वजनिक प्रकाशन कर दिया गया। इसके साथ ही नए मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा दावा और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार और जिला निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लॉन्ग ने एसपीजी मिशन स्कूल सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची के प्रकाशन, बूथों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं और नए मतदाताओं के पंजीकरण प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान वार्ड संख्या-17 के पार्षद मुकेश कुमार जोगी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने और मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बीएलओ ज्योति नाग ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों के आधार पर मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची में शामिल किए गए हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सूची में अपना नाम, पता और अन्य विवरण की जांच अवश्य करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो या किसी पात्र व्यक्ति का नाम छूट गया हो, तो निर्धारित अवधि के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज कर सुधार कराया जा सकता है।

निर्वाचन आयोग के अनुसार नए मतदाता फॉर्म-6 के माध्यम से अपना नाम जुड़वा सकते हैं। किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता, फोटो या अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से समय पर अपना पंजीकरण कराने और प्रारूप मतदाता सूची का सत्यापन करने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राप्त सभी दावों और आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण कर अंतिम मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!